कांग्रेस देश की सबसे बेईमान और महाभ्रष्ट पार्टी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Jamshedpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बारिश के बीच झारखंड के जमशेदपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बारिश कितनी ही तेज क्यों न हो, रुकावटें कितनी ही ज्यादा क्यों न हो, लेकिन कोई भी रुकावट मुझे आपसे अलग नहीं कर सकती है। मैं आपके दर्शन किए बिना वापस नहीं जा सकता हूं, इसलिए सड़क मार्ग से ही आप सबके दर्शन करने पहुंच गया। क्रांति और बलिदानों की ये धरती, भगवान बिरसा मुंडा के तप, त्याग और आशीर्वाद की ये धरती… मैं झारखंड की इस महान धरती को प्रणाम करता हूं। करमा पूजा के उमंग के बीच यहां आने से पहले मुझे झारखंड को विकास की कई बड़ी सौगात देने का सौभाग्य भी मिला। मैं आप सबको करमा पर्व की बधाई देता हूं।
यह भी पढ़ें:- Vande Bharat Metro: आज मिलेगी देश को पहली वंदे भारत मेट्रो ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
PM मोदी ने कहा कि झारखंड के हजारों गरीबों को पीएम आवास योजना के जरिए पक्के घर भी मिले हैं। इनमें से ज्यादातर घर मेरी माताओं-बहनों के नाम पर हैं। आपका ये भाई करमा पर्व के अवसर पर अपनी बहनों को अपने पक्के घर का उपहार देकर धन्य हो गया है। बीते लोकसभा चुनाव में सारा विपक्ष मोदी को हराने के लिए बेचैन था। पूरी जमात, बड़े-बड़े षड़यंत्र, बड़ी-बड़ी साजिशें, झूठ की इतनी बड़ी मशीनरी, देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतें… लेकिन आपका आशीर्वाद उन सब पर भारी पड़ा। मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद के लिए भी आपका धन्यवाद करता हूं। देश के दलित-वंचित, गरीब-आदिवासी और महिलाओं का भरोसा मोदी पर है… आज युवाओं का भरोसा मोदी पर है, मध्यम वर्ग का भरोसा मोदी पर है। (PM Modi in Jamshedpur)
झारखंड का सपना भाजपा का अपना सपना: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड और भाजपा का रिश्ता… सिर्फ एक राजनीतिक रिश्ता नहीं है। ये रिश्ता दिल का है… ये रिश्ता अपनेपन का है। झारखंड का सपना भाजपा का अपना सपना है। आकांक्षी जिला योजना के जरिए झारखंड के पिछड़े जिलों के विकास की चिंता पहली बार किसने की… भाजपा की सरकार ने। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत किसने की… भाजपा की सरकार ने। आज भी भाजपा केंद्र में रहकर झारखंड के विकास के लिए पूरे समर्पण और सेवाभाव से काम कर रही है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं… आप राज्य सरकार में भाजपा को मौका दीजिए… झारखंड के विकास के लिए भाजपा कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं – JMM, RJD और कांग्रेस। (PM Modi in Jamshedpur)
JMM के लोग रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े: PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के निर्माण का बदला आज भी RJD झारखंड से उतारती है और कांग्रेस को तो झारखंड से नफरत है ही। ये JMM वाले जिन्होंने आदिवासियों के वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं? ये लोग आदिवासियों के जंगल जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं। JMM के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए और कट्टरपंथी JMM को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। इनके लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर भी घुस गए हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि JMM में कांग्रेस का भूत घुस गया है। जब किसी पार्टी में कांग्रेस का भूत घुस जाता है तो तुष्टिकरण ही उस दल का इकलौता एजेंडा बन जाता है। इसके लिए सबसे पहले ये लोग दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के हितों की बलि चढ़ाते हैं। यही हाल JMM का भी हो रहा है। JMM और कांग्रेस जैसे दलों को आपका वोट नहीं चाहिए। (PM Modi in Jamshedpur)
BJP वादा करके पूरा भी करती है: PM मोदी
उन्होंने कहा कि ये दल मजहब के नाम पर अपना वोटबैंक बनाना चाहते हैं। यही समय है, हमें इस खतरे को यहीं पर रोकना होगा। इस देश की सबसे बेईमान और महाभ्रष्ट पार्टी एक ही है- कांग्रेस पार्टी। इस देश का सबसे भ्रष्ट परिवार एक ही है- कांग्रेस का परिवार। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं वहीं से निकलती हैं। ये JMM वाले भी उसी स्कूल से ट्रेनिंग लेते हैं- कांग्रेस स्कूल ऑफ करप्शन। JMM ने 5 साल में केवल एक ही काम किया है- झारखंड की लूट और चारों तरफ भ्रष्टाचार। JMM सरकार ने जल, जंगल और जमीन… सबमें भ्रष्टाचार किया है। मैं वादा करता हूं… झारखंड में कुछ महिनों के बाद जब बीजेपी की सरकार बनेगी, एनडीए की सरकार बनेगी तो इन सारे मामलों की जांच करवाई जाएगी। साथियों, वादे करना और उसे पूरा करना… ये सिर्फ बीजेपी ही करती है। हमने 70 साल और उससे अधिक उम्र के हर बुजुर्ग को मुफ्त इलाज की गारंटी दी थी। कुछ दिन पहले ही हमारी सरकार ने उस फैसले पर मुहर लगा दी है। (PM Modi in Jamshedpur)



