Google Analytics —— Meta Pixel

भारत युद्ध नहीं, शांति में विश्वास करता है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Poland: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप सभी पोलैंड के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं। सबकी अलग-अलग भाषाएं हैं, बोलियां हैं, खान-पान है, लेकिन आप सभी भारतीयता के भाव से जुड़े हुए हैं। आपने यहां इतना शानदार स्वागत किया है, मैं आप सभी का, पोलैंड की जनता का इस स्वागत के लिए बहुत आभारी हूं। दशकों तक भारत की नीति थी कि सारे देशों से समान दूरी बनाए रखो, जबकि आज के भारत की नीति है, सारे देशों से नजदीकी बनाओ। 

यह भी पढ़ें:- PM नरेंद्र मोदी से आगे निकलीं श्रद्धा कपूर, इस मामले में तोड़ा रिकॉर्ड, पढ़ें पूरी खबर

PM मोदी ने कहा कि आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है, आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया, भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जब पोलैंड मुश्किलों से घिरा हुआ था, जब पोलैंड की हजारों महिलाएं और बच्चे शरण के लिए जगह-जगह भटक रहे थे, तक जाम साहब, दिग्विजय सिंह रणजीत सिंह जाडेजा आगे आए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के लिए एक विशेष कैंप बनवाया था और उन्होंने कैंप की महिलाओं और बच्चों से कहा था कि जैसे जामनगर के लोग मुझे बापू कहते हैं, वैसे मैं आपका भी बापू हूं। (PM Modi in Poland)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे मोंटे कैसिनो स्मारक पर श्रद्धांजलि देने का अवसर मिला है। ये मेमोरियल हजारों भारतीय सैनिकों के बलिदान को याद दिलाता है। ये इस बात का प्रमाण है कि कैसे विश्व के हर कोने में भारतीयों ने अपना कर्तव्य निभाया है। 21वीं सदी का भारत अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया, भारत को उन खूबियों के कारण जानती है, जिसे भारतीयों ने दुनिया के सामने साबित किया है। भारत जाम साहब मेमोरियल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत भारत हर साल 20 पोलिश युवाओं को भारत आने के लिए आमंत्रित करेगा। (PM Modi in Poland)

उन्होंने कहा कि हम भारतीयों की एक पहचान समानुभूति भी है। दुनिया के किसी भी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है, जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। कोविड आया, तो भारत ने कहा- मानवता सर्वप्रथम। हमने दुनिया के 150 से अधिक देशों को दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी भूकंप आता है, कोई आपदा आती है, भारत का एक ही मंत्र है- मानवता सर्वप्रथम। कहीं युद्ध हो, तो भारत कहता है- मानवता सर्वप्रथम और इसी भाव से भारत, दुनियाभर के नागरिकों की मदद करता है। भारत लोकतंत्र की जननी तो है ही इसके साथ ही भारत सहभागी और जीवंत लोकतंत्र भी है। भारत के लोगों का लोकतंत्र पर अटूट भरोसा है। ये भरोसा हमने हाल के चुनावों में भी देखा है। ये इतिहास का सबसे बड़ा चुनाव था। (PM Modi in Poland)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत बुद्ध और शांति में विश्वास करता है। भारत इस क्षेत्र में स्थायी शांति का हिमायती है। हमारा रुख बहुत स्पष्ट है – यह युद्ध में शामिल होने का समय नहीं है। यह उन चुनौतियों के खिलाफ एकजुट होने का समय है, जो मानवता के लिए खतरा हैं। इसलिए भारत कूटनीति और संवाद में विश्वास करता है। कुछ दिन पहले ही आप लोगों ने यहां आजादी का उत्सव मनाया है। आजादी के आंदोलन के समय हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने समृद्ध भारत का सपना देखा था, आज हर भारतीय उस सपने को साकार करने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहा है। भारत ने लक्ष्य तय किया है, भारत 2047 तक खुद को विकसित बनाने का संकल्प लेकर चल पड़ा है। (PM Modi in Poland)

PM ने कहा कि 23 अगस्त को ही राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस है। इसी दिन भारत ने चंद्रमा के साउथ पोल पर अपना चंद्रयान उतारा था, जहां कोई देश नहीं पहुंच पाया, वहां भारत पहुंचा है और उस स्थान का नाम है- शिवशक्ति। पिछले 10 सालों में भारत में 250 मिलियन लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह संख्या ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी की कुल आबादी से भी ज्यादा है। पिछले 10 सालों में गरीबों के लिए 40 मिलियन पक्के घर बनाए गए हैं। इसके अलावा, हम 30 मिलियन घर बनाने जा रहे हैं। हमने वित्तीय समावेशन को अगले स्तर पर पहुंचा दिया है। 500 मिलियन जन धन बैंक खाते खोले गए हैं। यह यूरोपीय संघ की कुल आबादी से भी ज्यादा है। (PM Modi in Poland)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने देश की जनता को वादा किया है, मेरे तीसरे टर्म में भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर रहेगा। NASSCOM का अनुमान है कि भारत अपने डिजिटल अवसंरचना के कारण इस दशक के अंत तक एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बन जाएगा। भारत का ज्ञान वैश्विक है, विजन ग्लोबल है, हमारे पूर्वजों ने हमें वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया है। भारत का संस्कृति वैश्विक है। केयर और करुणा वैश्विक है। हमने पूरी दुनिया को एक परिवार माना है और यही आज के भारत की नीति और निर्णयों में नजर आता है। अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी में बैलेंस आज भारत की प्राथमिकता है। ये भारत ही है, जो विकसित राष्ट्र और नेट शून्य राष्ट्र, ये दोनों संकल्प एक साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। (PM Modi in Poland)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 10 सालों में हमने 300 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनाए हैं। 10 सालों में मेडिकल सीटें भी दोगुनी हो गई हैं। हमने 75,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ी हैं और हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में 75,000 और मेडिकल सीटें जोड़ना है। वह दिन दूर नहीं जब हम कहेंगे “भारत में हीलिंग।” भारत, बुद्ध की विरासत वाली धरती है, जो युद्ध नहीं, शांति पर विश्वास करती है। इसलिए, भारत इस रीजन में भी स्थाई शांति का एक बड़ा पैरोकार है। भारत का मत एकदम साफ है, ये युद्ध का युग नहीं है। भारत युद्ध नहीं, शांति में विश्वास करता है। (PM Modi in Poland)

Back to top button
error: Content is protected !!