दुनिया अब भारत को सिर्फ देख नहीं रही, भरोसा भी कर रही है: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Tokyo: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के टोक्यो में आयोजित 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जापान को भारत का भरोसेमंद साझेदार बताते हुए कहा कि मेट्रो से लेकर मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर से लेकर स्टार्टअप तक हर क्षेत्र में दोनों देशों की साझेदारी आपसी विश्वास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापानी कंपनियों ने भारत में अब तक 40 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है, जबकि सिर्फ पिछले दो सालों में 30 अरब डॉलर का निजी निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में भारत में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। आज भारत में राजनीतिक स्थिरता है, आर्थिक स्थिरता है, नीतियों में पारदर्शिता और पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें:- Vishwa Teli Diwas : विश्व तेली दिवस पर नगर साहू समाज भाटापारा में विशेष आयोजन
PM मोदी ने कहा कि भारत आज विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि 2017 में वन नेशन, वन टैक्स लागू किया गया और हाल ही में संसद ने सरलीकृत आयकर प्रणाली को मंजूरी दी है। PM मोदी ने बताया कि सुधार सिर्फ टैक्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस पर भी बल दिया गया है। अब व्यवसाय के लिए सिंगल डिजिटल विंडो अप्रूवल सिस्टम उपलब्ध है। रक्षा और अंतरिक्ष जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को निजी क्षेत्र के लिए खोला गया है और अब परमाणु ऊर्जा क्षेत्र भी खोला जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन सुधारों के पीछे हमारा विकसित भारत बनाने का संकल्प है। दुनिया न सिर्फ भारत को देख रही है, बल्कि भारत पर भरोसा भी कर रही है। हाल ही में एस एंड पी ग्लोबल ने दो दशक बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड किया है। (PM Modi in Tokyo)

उन्होंने जापान को तकनीकी सहयोग के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि जैसे ऑटोमोबाइल सेक्टर में साझेदारी सफल रही है, वैसे ही बैटरियों, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, शिप–बिल्डिंग और न्यूक्लियर एनर्जी में भी सफलता दोहराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान मिलकर ग्लोबल साउथ विशेषकर अफ्रीका के विकास में योगदान दे सकते हैं। PM मोदी ने आह्वान कि आइए, भारत में निवेश कीजिए। भारत में बनाइए और पूरी दुनिया के लिए बनाइए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक और स्पेस जैसे क्षेत्रों में साहसिक पहल की है। जापान की टेक्नोलॉजी और भारत का टैलेंट मिलकर इस सदी के टेक्नोलॉजी रिवॉल्यूशन का नेतृत्व कर सकते हैं।

उन्होंने ग्रीन एनर्जी पर भी जोर दिया और कहा कि भारत 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। साथ ही 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर पावर का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सुझाव दिया कि जापान भारत के युवाओं को जापानी भाषा और सॉफ्ट स्किल्स का प्रशिक्षण दे। इससे एक जापान–रेडी वर्कफोर्स तैयार होगी, जो साझा समृद्धि का आधार बनेगी। टोक्यो दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने शोरिनज़ान दारुमा-जी मंदिर का दौरा किया, जहां मंदिर के मुख्य पुजारी ने उन्हें जापानी दारुमा गुड़िया भेंट की।

PM मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री योशिहिडे सुगा और फुमियो किशिदा से भी मुलाकात की। इन बैठकों में प्रौद्योगिकी, एआई, व्यापार, निवेश और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। वहीं, स्पीकर फुकुशिरो नुकागा और जापानी सांसदों से मुलाकात में भारत-जापान मित्रता को और मजबूत करने, संसदीय आदान–प्रदान, मानव संसाधन विकास, सांस्कृतिक संबंध और स्वास्थ्य, विज्ञान-तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पीकर फुकुशिरो नुकागा और जापानी सांसदों से मुलाकात की और संसदीय आदान-प्रदान, मानव संसाधन विकास, सांस्कृतिक संबंधों और अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, एआई, गतिशीलता, विज्ञान, प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग के माध्यम से भारत-जापान मैत्री पर चर्चा की।





