पीएम मोदी ने किया छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ, 14,260 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
नवा रायपुर में रजत जयंती समारोह का भव्य शुभारंभ, सड़क, उद्योग और ग्रामीण आजीविका परियोजनाओं को मिली नई गति
CG Rajyotsav 2025: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रायपुर पहुंचे और नवा रायपुर में आयोजित रजत महोत्सव (राज्योत्सव 2025) (CG Rajyotsav 2025) का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने प्रदेश को 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Crimes : अमरूद तोड़ने की मामूली बात पर साले ने जीजा की सिलबट्टे से हत्या
राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राज्यपाल रमेन डेका समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।
विकास के हर क्षेत्र में बड़ा निवेश
पीएम मोदी ने जिन परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण किया, उनमें सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में रोज़गार और निवेश दोनों को नई दिशा मिलेगी।
इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 12 नए “स्टार्ट-अप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (SVEP)” ब्लॉकों की भी शुरुआत की, जो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौगात
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख लाभार्थियों को 1,200 करोड़ रुपये की किस्त भी जारी की। उन्होंने कहा कि यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है ताकि हर गरीब परिवार को पक्का घर मिलने का सपना साकार हो सके।
राज्य की उपलब्धियों की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा – “छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों की विकास यात्रा में नई पहचान बनाई है। अब यह राज्य आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक गर्व और विकास की मिसाल बन चुका है।”
उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में केंद्र और राज्य मिलकर ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करेंगे। (CG Rajyotsav 2025)



