Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Crimes : अमरूद तोड़ने की मामूली बात पर साले ने जीजा की सिलबट्टे से हत्या

Chhattisgarh Crimes : अमरूद तोड़ने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रूप ले लिया। बोरसी के भिलाई के पंचशील सेक्टर, सड़क नंबर 18 में साले ने अपने ही जीजा की सिलबट्टे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

यह भी पढ़े :- आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में रेलिंग गिरने से भगदड़, 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

यह घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक मृतक राजकुमार वर्मा सुबह करीब 10 बजे अपने साले गोविंदराज के घर अमरूद तोड़ने पहुंचे थे। राजकुमार की पत्नी ने उन्हें बाहर रहने को कहा, लेकिन वे घर के अंदर चले गए। इसी बात पर गोविंदराज भड़क उठा, और बात झगड़े में बदल गई।

पहले छीना डंडा, फिर सिलबट्टे से कर दिया वार

गुस्से में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि राजकुमार के पास एक डंडा था, जिसे गोविंदराज ने छीना और फेंक दिया। इसके बाद वह घर के अंदर गया और वहां रखा सिलबट्टा उठाकर जीजा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। (Chhattisgarh Crimes)

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

हत्या करने के बाद गोविंदराज ने भागने के बजाय सीधे पद्मनाभपुर थाना जाकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पूरी घटना की जानकारी खुद दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जमीन और पैसों के विवाद से बढ़ी थी रंजिश

मृतक के भाई संजू वर्मा ने बताया कि राजकुमार वर्मा बोरिया गेट, भिलाई के पास एक निजी अस्पताल में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच जमीन बेचने के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि उसी रंजिश के चलते यह मामूली झगड़ा जानलेवा बन गया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी गोविंदराज के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच तनाव कई दिनों से सुलग रहा था, जो शुक्रवार को इस दर्दनाक वारदात के रूप में सामने आया। (Chhattisgarh Crimes)

Back to top button
error: Content is protected !!