गांधीजी बोलकर गए, स्वदेशी अपनाओ, मेरी मत मानिए उनकी तो सुनिए, 100 साल बाद भी आयात पर निर्भरता क्यों?: PM मोदी

PM Modi on Swadeshi Movement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय उद्योग जगत को स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और देश में विनिर्माण क्षमता बढ़ाने की अपील करते हुए महात्मा गांधी के पुराने संदेश की याद दिलाई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब साल 1930 में महात्मा गांधी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की बात कहकर गए थे तो करीब 100 साल बाद भी उद्योग जगत को वही बात क्यों समझानी पड़ रही है? प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी मत मानिए, गांधीजी की तो मानिए भाई। दिल्ली के भारत मंडपम में गुरुवार को फिक्की की 100वीं वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों के सामने देश की अर्थव्यवस्था, आयात पर निर्भरता, घरेलू उत्पादन, कृषि, फार्मा, स्टील, एल्युमीनियम, इंजीनियरिंग और वैश्विक बाजार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले सालों में देश के सामने नए अवसर खुलने वाले हैं, लेकिन इन अवसरों का फायदा उठाने के लिए भारतीय उद्योगों को सिर्फ स्थापित कारोबार और कम समय में मिलने वाले मुनाफे पर ध्यान देने के बजाय भविष्य की जरूरतों के अनुरूप निवेश करना होगा।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने उद्योगपतियों को सुनाई खरी-खरी, पूछा- कंपनियों को टैक्स में राहत, फिर कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ाई ?
उन्होंने उद्योगपतियों से अगले 20 सालों के प्रत्येक दीर्घकालिक निवेश निर्णय में ‘इंडिया फर्स्ट’ को आधार बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की की ओर से दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री का जिक्र करते हुए कहा कि संस्था को अपने 100 सालों के सफर पर विचार करना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि साल 1930 में महात्मा गांधी फिक्की के कार्यक्रम में आए थे और स्वदेशी अपनाने के साथ आत्मनिर्भरता का संदेश देकर गए थे। PM मोदी ने कहा कि 100 साल बीत जाने के बाद भी आज उन्हें उद्योग जगत के सामने वही बात दोहरानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आप सोचिए 100 साल हो गए, लेकिन 1930 में गांधी आपके यहां आकर यही कहकर गए थे और आज इतने साल बाद भी मुझे वही कहना पड़ रहा है। यह आपकी सफलता है या विफलता है? मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो भाई। वो भी स्वदेशी कहकर गए, वो भी आत्मनिर्भर भारत की बात कहकर गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि फिक्की के 100 साल पूरे होने के बावजूद अगर स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की बात दोहरानी पड़ रही है तो उद्योग जगत को इस पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने संस्था से अपनी डॉक्यूमेंट्री में अपने संदेश को भी जोड़कर देश के हर घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 100 सालों में देश ने अर्थव्यवस्था के कई दौर देखे हैं। भारत ने लाइसेंस और कोटा राज का दौर भी देखा और राष्ट्रीयकरण के प्रयोग भी देखे। एक समय ऐसा भी आया जब भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया की फ्रेजाइल फाइव अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने लगा था, लेकिन पिछले 12 सालों में देशवासियों, युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के प्रयासों से स्थिति में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 सालों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकलने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और बड़ी वैश्विक संस्थाएं भारत की विकास दर लगभग 7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगा रही हैं। अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंचा, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक वस्तु निर्यात आंकड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के प्रदर्शन के कारण मूडीज, एसएंडपी ग्लोबल, फिच रेटिंग्स, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास संभावनाओं के अनुमानों में बढ़ोतरी कर रही हैं। (PM Modi on Swadeshi Movement)
अगले 20 साल के निवेश में इंडिया फर्स्ट को बनाएं आधार: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने प्राचीन शास्त्रों के श्लोक ‘उद्धरेदात्मनात्मानं नात्मानमवसादयेत्’ का जिक्र करते हुए कहा कि व्यक्ति, उद्योग और राष्ट्र सभी को समय-समय पर आत्मचिंतन करना चाहिए। अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए, कमियों से सीखना चाहिए और लगातार बेहतर बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिक्की ने 100 सालों में भारतीय उद्योग जगत को बहुत कुछ हासिल करते हुए देखा है। अब समय यह तय करने का है कि अगले 20 सालों में भारतीय उद्योग क्या हासिल कर सकता है। उद्योगों को सिर्फ उन कारोबारों और क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, जिनमें पहले से मुनाफा मिल रहा है। उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर सामने आने वाली मांगों के लिए भी तैयारी करनी होगी। प्रधानमंत्री ने संसाधनों के हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने की वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि देश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी क्षमताएं विकसित करनी होंगी। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि अगले 20 सालों के प्रत्येक दीर्घकालिक निवेश निर्णय में इंडिया फर्स्ट को आधार बनाएं। इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबार के विकास के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे।
फार्मा उद्योग दुनिया को दवाएं देता है, फिर भी आयात पर निर्भरता: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फार्मा उद्योग को भारत की ताकत बताते हुए कहा कि दुनिया में भारत को ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ कहा जाता है। तैयार दवाओं के निर्माण में भारत की मजबूत पहचान है, लेकिन इसके बावजूद देश को हर साल एपीआई, बल्क ड्रग्स और ड्रग इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सैकड़ों श्रेणियां हैं, जिनमें भारत अभी भी दूसरे देशों पर निर्भर है। फार्मा उद्योग को यह पहचानना होगा कि किन आवश्यक घटकों का निर्माण देश में ही किया जा सकता है। इसके लिए नई तकनीक, बड़े उत्पादन संयंत्रों और आधुनिक विनिर्माण सुविधाओं में निवेश करना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि तैयार दवाओं के क्षेत्र में भारत ने अपनी ताकत साबित की है। अब समय है कि दवाओं में इस्तेमाल होने वाले मूलभूत घटकों के निर्माण में भी भारत अपनी क्षमता विकसित करे, ताकि दूसरे देशों पर निर्भरता कम हो और भारतीय उद्योग वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सके। फार्मा के बाद प्रधानमंत्री ने लौह अयस्क और इस्पात उद्योग की चुनौतियों पर बात की। उन्होंने कहा कि भारत कई हजार करोड़ रुपये का लौह अयस्क निर्यात करता है, लेकिन इसके बावजूद तैयार स्टील का आयात भी करना पड़ता है।

उन्होंने उद्योग जगत से पूछा कि आखिर किन-किन श्रेणियों का तैयार स्टील विदेशों से मंगाया जा रहा है? इन उत्पादों की पहचान करके देश में ही उनके निर्माण की तकनीक क्यों विकसित नहीं की जा सकती? प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योगों को उन ग्रेड्स पर विशेष ध्यान देना चाहिए, जिनका आयात किया जा रहा है। भारत में ऐसी विनिर्माण क्षमता विकसित की जानी चाहिए, जिससे इन उत्पादों का निर्माण देश में हो सके और विदेशी निर्भरता कम हो। प्रधानमंत्री ने एल्युमीनियम उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के पास बॉक्साइट के बड़े भंडार हैं, इसके बावजूद देश को विशेष एल्युमीनियम मिश्रधातुओं और अन्य उत्पादों का आयात करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कच्चे खनिज का उत्पादन और निर्यात करना पर्याप्त नहीं है। देश में खनिजों की पूरी वैल्यू चेन में विशेषज्ञता विकसित करनी होगी। कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक हर स्तर पर विनिर्माण क्षमता बढ़ानी होगी, ताकि भारत में अधिक मूल्य संवर्धन हो सके। इसी बात को समझाते हुए प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि ऐसा कैसा देश है, जहां गेहूं का निर्यात किया जाता है और ब्रेड का आयात किया जाता है? उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि उन्हें खुद से यह सवाल पूछना चाहिए कि भारत कच्चे संसाधनों के निर्यात और तैयार उत्पादों के आयात के इस अंतर को कब खत्म करेगा। (PM Modi on Swadeshi Movement)
कृषि निर्यात में भारत की हिस्सेदारी सिर्फ 2 से 2.5 प्रतिशत: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में निवेश की जरूरत पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भारत इतना बड़ा देश है और यहां कृषि उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं, लेकिन वैश्विक कृषि निर्यात में भारत की हिस्सेदारी सिर्फ 2 से 2.5 प्रतिशत है। उन्होंने चिंता जताई कि कॉरपोरेट जगत कृषि क्षेत्र में निवेश करने से हिचकता है। उद्योगों को इस क्षेत्र को सिर्फ कृषि उत्पादन के रूप में नहीं, बल्कि वैल्यू एडिशन और फूड प्रोसेसिंग के बड़े अवसर के रूप में देखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 सालों में कृषि और खाद्य निर्यात में प्रोसेस्ड फूड की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में अभी भी काफी संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि वे कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाएं। दुनिया के अलग-अलग देशों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उत्पादन की योजना तैयार करें। जिन देशों में जिस तरह के खाद्य उत्पादों की मांग है, उसके अनुसार उत्पाद विकसित किए जाएं। इसके साथ ही किसानों और उत्पादकों से विश्वसनीय खरीद व्यवस्था तैयार की जाए, ताकि वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
हैंड टूल्स और पावर टूल्स के निर्यात में भी बढ़ानी होगी हिस्सेदारी: PM
प्रधानमंत्री ने इंजीनियरिंग उत्पादों के क्षेत्र में भारत की कम वैश्विक हिस्सेदारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में हैंड टूल्स और पावर टूल्स के निर्यात में भारत की साझेदारी अभी काफी कम है। इस क्षेत्र में भारतीय उद्योग अपनी मौजूदगी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनियां छोटी कंपनियों को गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद कर सकती हैं। छोटे उद्योगों को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन व्यवस्था और वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है। इसके साथ ही मशीनरी निर्माण में भी भारत के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकासशील देशों और खासकर ग्लोबल साउथ की जरूरतों को देखते हुए भारत ऐसी मशीनें तैयार कर सकता है, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग है। उन्होंने पैकेजिंग उपकरण, सिंचाई प्रणालियों और फैक्टरी से संबंधित मशीनों के निर्माण को ऐसे क्षेत्र बताया, जहां भारतीय कंपनियां निवेश कर सकती हैं। उनका कहना था कि भारत को सिर्फ दूसरे देशों से मशीनें खरीदने वाला बाजार नहीं रहना चाहिए, बल्कि मशीनरी निर्माण और निर्यात में भी अपनी पहचान बनानी चाहिए। (PM Modi on Swadeshi Movement)
उद्योगपतियों और कारोबारियों का सम्मान जरूरी: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी देश अपने किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, वेल्थ क्रिएटर्स और टैक्सपेयर्स का सम्मान करके ही आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में हर व्यक्ति की भूमिका होती है और किसी को भी संदेह की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने गुजरात में मुख्यमंत्री बनने के शुरुआती दिनों का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2001-02 के आसपास आयकर विभाग के एक कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि हर व्यक्ति को चोर मानने की मानसिकता बदलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लिए सिर्फ सरकार ही काम नहीं करती, बल्कि हर नागरिक अपनी भूमिका निभाता है। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि सरकार ने कारोबार को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की गई है। 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर राहत दी गई है। रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया आसान की गई है और जीएसटी सुधारों के माध्यम से कई उत्पादों पर टैक्स कम किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत के साथ सरकार का संबंध सहयोग का होना चाहिए। उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव सरकार को लिखकर भेजें। सरकार उनके सुझावों पर विचार करने के लिए तैयार है।

व्यापार समझौतों से खुले अंतरराष्ट्रीय बाजार के दरवाजे: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने भारत के अलग-अलग देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों को उद्योग जगत के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि जब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट होते हैं, तो भारतीय कंपनियों के लिए नए बाजारों में पहुंचने के रास्ते खुलते हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से सवाल किया कि क्या उन्होंने इन समझौतों का लाभ उठाने के लिए कोई योजना बनाई है? कंपनियों को यह तय करना होगा कि किस देश में कौन से उत्पादों की मांग है, वहां तक सामान कैसे पहुंचाया जाएगा और ग्राहकों का भरोसा कैसे जीता जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत को वैश्विक ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को समझने के लिए निवेश करना चाहिए। अलग-अलग क्षेत्रों में टीमें भेजकर बाजारों का अध्ययन करना चाहिए। उत्पादों के डिजाइन, रंग, उपयोग और गुणवत्ता को वहां के ग्राहकों की जरूरत के अनुसार तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का घरेलू बाजार उद्योगों के लिए बड़ी ताकत है, लेकिन इसे कम्फर्ट जोन नहीं बनाया जाना चाहिए। घरेलू बाजार से मिलने वाला आत्मविश्वास वैश्विक प्रतिस्पर्धा में काम आना चाहिए। (PM Modi on Swadeshi Movement)

फिक्की के 100 साल पूरे, अब अगले 10 साल में देश को क्या देंगे ?
प्रधानमंत्री ने फिक्की के शताब्दी समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि संस्था ने 100 सालों तक देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाई है, लेकिन अब अगले 100 सालों तक इंतजार करने का समय नहीं है। उद्योग जगत को अगले 10 सालों में देश को क्या देना है, इस पर विचार करना चाहिए। उन्होंने 1927 में फिक्की की स्थापना और 1947 में देश की आजादी का संदर्भ देते हुए कहा कि आजादी के लिए देश ने एक बड़ा संकल्प लिया था और उसे हासिल किया। उसी तरह 2027 में फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने के बाद भारत को भी विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि कमिटमेंट थी। विकसित भारत भी सिर्फ नारा नहीं, बल्कि एक कमिटमेंट है। इस संकल्प को 140 करोड़ देशवासियों को अपने जीवन में उतारना होगा। उन्होंने उद्योग जगत से आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादन, तकनीकी क्षमता, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को प्राथमिकता देने की अपील की। प्रधानमंत्री का कहना था कि भारत की आर्थिक विकास यात्रा को अगली ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए सरकार और उद्योग जगत को मिलकर काम करना होगा।




