Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- कभी रेड कॉरिडोर रहे इलाके अब शांति और विकास के नए केंद्र

PM Modi Wishes to Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की 26 सालों की विकास यात्रा, जनजातीय संस्कृति, औद्योगिक संभावनाओं और बस्तर में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले इलाके आज शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। PM मोदी ने प्रदेश में कनेक्टिविटी, रेल, सड़क, कृषि, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की बड़ी भूमिका होगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के 26 साल, स्वास्थ्य से शिक्षा तक बदली तस्वीर, नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचा विकास

PM मोदी ने CM साय को लिखे पत्र में कहा कि छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस (1 नवंबर) के पावन और गौरवपूर्ण अवसर पर आपको और प्रदेश के सभी भाई-बहनों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई-अनंत शुभकामनाएं। आज से 26 साल पूर्व भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस ऐतिहासिक निर्णय ने लाखों नागरिकों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को साकार किया और प्रदेश के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ किया। व्यक्तिगत रूप से संगठन के दिनों से ही मेरा छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से ही मुझे अनेक बार यहां आने का अवसर मिलता रहा है। इन यात्राओं में मैंने सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर की पावन धरा तक, छत्तीसगढ़िया संस्कृति और जनजीवन को निकट से जाना और समझा है।

छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को किया याद

PM मोदी ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की सरलता, सहजता, परिश्रमशीलता और जीवंत सांस्कृतिक परंपराएं मुझे सदैव प्रेरणा देती हैं। पिछले साल छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर मुझे स्वयं इस गौरवशाली धरती पर आने का सौभाग्य मिला था। नए विधानसभा भवन के लोकार्पण के साथ प्रदेश की विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का साक्षी बनना मेरे लिए सुखद अनुभव रहा। मुझे प्रसन्नता है कि अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए आज छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। कुछ साल पहले तक जो क्षेत्र नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाते थे, वो आज शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। लंबे समय तक नक्सलवाद प्रदेश के विकास की राह में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक रहा, लेकिन आज इसे निर्णायक रूप से समाप्त करने में सफलता मिली है। इस बदलाव से प्रदेश में विकास का नया वातावरण बना है और कनेक्टिविटी समेत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को भी नई गति मिली है। मुझे स्मरण है कि 25 साल पहले दिल्ली और रायपुर के बीच दिनभर में सिर्फ एक उड़ान उपलब्ध हुआ करती थी।

चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क: PM मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज प्रदेश में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है। प्रदेश में 51 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रेल परियोजनाओं के काम चल रहे हैं। इसके साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं भी शुरू की गई हैं। सड़क निर्माण के विस्तार से रायपुर से बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों को जोड़ने वाले निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे आने वाले समय में राज्य की कनेक्टिविटी, उद्योगों और रोजगार के अवसरों को नई गति देने वाले हैं। संत गुरु घासीदास का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश आज डबल इंजन की सरकार की नीतियों के मूल आधार जैसा है। इस मंत्र को आत्मसात करते हुए, हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना पर चलते हुए, हर एक वर्ग की प्रगति के लिए प्रयत्नशील है। इसी भावना के साथ आज हमारी सरकार आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। (PM Modi Wishes to Chhattisgarh)

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहलों से सुदूर क्षेत्रों तक पक्के मकान, सड़क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की एक बड़ी जनसंख्या को गरीबी से बाहर निकलने में मदद मिली है। छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा और उनके जीवन को बेहतर बनाना डबल इंजन की सरकार का मूल ध्येय है। सेवा और जनकल्याण की इसी भावना के साथ हम प्रदेश के हर परिवार तक सुविधाएं और अवसर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिले, इसके लिए प्रदेश के 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूरा होना, लाखों परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। घरों के निर्माण के साथ साथ, सामाजिक सुरक्षा की कई योजनाएं भी पूरी पारदर्शिता से लोगों तक पहुंची हैं।

करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिले: PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 41 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवारों को नल से जल और करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिले हैं। लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों के माध्यम से लोगों की आरोग्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में कृषि की बहुत बड़ी भूमिका है। प्रदेश में धान खरीदी की मजबूत व्यवस्था से 25 लाख से ज्यादा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। इससे किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। दंतेवाड़ा जैसे आकांक्षी क्षेत्र नक्सलवाद से बाहर निकलकर शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी पहलों से इन क्षेत्रों में कृषि को और मजबूती मिल रही है। छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। राज्य में एम्स, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम और निफ्ट जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। PM-सेतु और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप छत्तीसगढ़ी के साथ गोंडी, हल्बी और सरगुजिहा जैसी स्थानीय भाषाओं समेत बोलियों में प्राथमिक शिक्षा दी जा रही है। (PM Modi Wishes to Chhattisgarh)

हमारी नारीशक्ति भी बड़ा योगदान दे रही: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में हमारी नारीशक्ति भी बड़ा योगदान दे रही है। डबल इंजन की सरकार भी नारी शक्ति के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों के खातों में हर महीने एक हजार रुपए भेजे जा रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है और परिवार समेत समाज में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। नवा रायपुर एक आधुनिक शहर के रूप में उभर रहा है। छत्तीसगढ़ को इनोवेशन और टेक्नोलॉजी का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन के अनुरूप नई टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाया जा रहा है। फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, बिजली, एल्युमिनियम और स्टील जैसे क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। बीते वर्ष नवा रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 2.0 और ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट ने देश के स्टील क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान दी है। प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभाशाली युवाओं की शक्ति से प्रदेश की प्रगति का नया मार्ग बनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी है। यह प्रभु श्रीराम का ननिहाल और संत गुरु घासीदास जी की पावन जन्मभूमि है। यहां कबीरपंथ की समतामूलक विचारधारा की गहरी छाप है। पद्म विभूषण तीजन बाई की पंडवानी इस धरती की अमूल्य धरोहर हैं।

बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन परिवर्तन के प्रतीक: PM मोदी

उन्होंने कहा कि यहां की लोककलाएं, लोकभाषाएं और जनजातीय परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाती हैं। इस विरासत को लेकर छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है। मुझे गर्व है कि कभी नक्सल आतंक से त्रस्त रहा बस्तर आज एक नए परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है। हमारे सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर को माओवादी आतंक से मुक्त कराने का संकल्प पूरा हुआ है। कभी माओवादी आतंक से प्रभावित रहा बस्तर आज नक्सलवाद की कमर तोड़कर शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस परिवर्तन के प्रतीक हैं। नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों से लोग बुनियादी सुविधाओं और विकास के नए अवसरों से जुड़ रहे हैं। मुझे गर्व है कि बस्तर आज शांति, सुशासन और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की बड़ी भूमिका होने वाली है। ये प्रसन्नता की बात है कि छत्तीसगढ़ सरकार का विजन डॉक्यूमेंट ‘अंजोर विजन’, विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और तेजी से आगे बढ़ेगी और प्रदेश अपनी उपलब्धियों से मां भारती तथा छत्तीसगढ़ महतारी का गौरव बढ़ाता रहेगा।

पढ़ें PM मोदी ने अपने पत्र में क्या-क्या लिखा  

PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रख्यात है। राज्य की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशेष पहचान रही हैं। यहां की लोक-संस्कृति से परिपूर्ण परिवेश में एक अद्भुत अपनापन है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि मेरे प्रतिभाशाली और परिश्रमी परिवारजनों की भागीदारी से यह प्रदेश राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा। यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो, यही कामना है। (PM Modi Wishes to Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!