Google Analytics —— Meta Pixel

चिप से शिप तक आत्मनिर्भर भारत का विजन, PM मोदी बोले- देश अब हर क्षेत्र में बना रहा अपनी पहचान

PM on Atmanirbhar Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में भारत की बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भारत अब चिप से लेकर शिप तक निर्माण की नई गाथा लिख रहा है और देश में पुर्जों से लेकर तैयार उत्पाद तक पूरी सप्लाई चेन विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के विजन में मैन्युफैक्चरिंग एक महत्वपूर्ण धारा है और वडोदरा इस क्षेत्र की क्षमता को लंबे समय से प्रदर्शित करता रहा है। PM मोदी ने कहा कि वडोदरा में शिक्षा, स्किल और इंडस्ट्री के बीच सहयोग की परंपरा काफी पुरानी है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ सौ साल पहले टेक्सटाइल और टाइल्स के निर्माण से शुरू हुई औद्योगिक यात्रा आगे चलकर ऑयल और पेट्रोकेमिकल्स तक पहुंची।

यह भी पढ़ें:- वडोदरा से PM मोदी का राहुल गांधी और कांग्रेसियों पर वार, कहा- झूठ की गूंज से भरमाने वाले तो हर चौराहे पर मिल जाएंगे

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दो से ढाई दशकों में वडोदरा एक बड़े MSME हब के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय वडोदरा से लगातार प्रतिनिधिमंडल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी मांगें लेकर आते थे। PM मोदी ने कहा कि आज वडोदरा की तस्वीर काफी बदल चुकी है। प्रधानमंत्री ने वडोदरा में C-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के पहले मेड इन इंडिया मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए भी वडोदरा जाना जा रहा है और C-295 एयरक्राफ्ट की पहली फ्लाइट यहां से उड़ान भर चुकी है। उन्होंने वडोदरा के लोगों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए इसे शहर के औद्योगिक विकास से जोड़कर पेश किया। 

PM मोदी ने कहा कि बीते एक दशक में भारत रेलवे कोच, मेट्रो कोच और रेल इंजन निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ा निर्माता बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भारत ने करीब 50 हजार आधुनिक रेलवे कोच बनाए हैं। इसके अलावा करीब ढाई लाख वैगन भारतीय रेल में जोड़े गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान पिछली सरकार पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार 10 साल में 50 हजार शौचालय भी नहीं बना सकती थी, जबकि उनकी सरकार के दौरान 50 हजार आधुनिक रेलवे कोच बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब अपनी निर्माण क्षमता को केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रख रहा है। देश चिप से शिप तक निर्माण की पूरी श्रृंखला भारत में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। (PM on Atmanirbhar Bharat)

55 लाख परिवारों ने लगाए रूफटॉप सोलर: PM मोदी

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें जरूरी पुर्जों से लेकर अंतिम उत्पाद तक का निर्माण देश में ही हो। इससे आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू उद्योग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती सौर ऊर्जा क्षमता का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले देश में सोलर प्रोजेक्ट लगाना महंगा था, क्योंकि पीवी मॉड्यूल और अन्य हार्डवेयर के लिए आयात पर निर्भरता थी। उन्होंने कहा कि बीते सालों में भारत में ही पीवी मॉड्यूल का निर्माण शुरू हुआ और अब देश में 200 गीगावॉट से अधिक क्षमता विकसित हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी ने PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में अब तक 55 लाख परिवार अपने घरों की छत पर सोलर प्लांट लगा चुके हैं। इनमें करीब 11 लाख परिवार गुजरात के हैं। (PM on Atmanirbhar Bharat)

मैन्युफैक्चरिंग से रोजगार तक का कनेक्शन

प्रधानमंत्री ने कहा कि रूफटॉप सोलर के बढ़ते इस्तेमाल से बड़ी संख्या में परिवार बिजली उत्पादक बन रहे हैं। इसके साथ ही सोलर पैनल के उत्पादन, इंस्टॉलेशन और सर्विस के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और नए वेंडर तैयार हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मैन्युफैक्चरिंग को रोजगार से सीधे जोड़ते हुए कहा कि जब देश में उत्पादन बढ़ता है तो उससे केवल फैक्ट्रियों में ही रोजगार नहीं बनता, बल्कि सप्लाई, इंस्टॉलेशन, सर्विस, लॉजिस्टिक्स और छोटे कारोबारों में भी अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के लिए मजबूत मैन्युफैक्चरिंग बेस, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आत्मनिर्भर सप्लाई चेन महत्वपूर्ण हैं। वडोदरा को उन्होंने इस बदलते औद्योगिक भारत की तस्वीर का एक उदाहरण बताया।

Back to top button
error: Content is protected !!