विश्व तनाव, संघर्षों और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on IGC meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान PM मोदी ने कहा कि ये आपकी (जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़) तीसरी भारत यात्रा है और ये मेरे तीसरे कार्यकाल की पहली IGC बैठक है। बर्लिन में हुई पिछली IGC बैठक के दौरान हमने द्विपक्षीय सहयोग के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। 2 सालों में हमारी रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साहजनक प्रगति हुई है। रक्षा,टेक्नोलॉजी, एनर्जी, ग्रीन एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग आपसी विश्वास का प्रतीक बना है। एक प्रकार से ये हमारी मित्रता का ट्रिपल सेलिब्रेशन है।
यह भी पढ़ें:- ज्ञानवापी केस में हिंदू पक्ष को बड़ा झटका, वाराणसी कोर्ट ने खारिज की याचिका
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व तनाव, संघर्ष और अनिश्चितताओं के दौर से गुजर रहा है। इंडो इंडो पैसिफिक में रूल ऑफ लॉ और फ्रीडम ऑफ नेविगेशन को लेकर भी गंभीर चिंताएं हैं। ऐसे में भारत और जर्मनी की रणनीतिक साझेदारी एक मजबूत एंकर के रूप में उभरी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर स्कोल्ज़ ने दिल्ली में एशिया पैसिफिक कॉन्फ्रेंस ऑफ जर्मन बिजनेस 2024 का उद्घाटन किया। इस दौरान PM मोदी ने कहा कि हर कदम-हर मोर्चे पर भारत और जर्मनी की दोस्ती गहरी हो रही है। ये साल भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के 25वां साल है, अब आने वाले 25 साल इसे नई बुलंदी देने वाले हैं।


उन्होंने कहा कि हमने आने वाले 25 साल के लिए विकसित भारत का एक रोडमैप बनाया है। मुझे खुशी है कि ऐसे महत्वपूर्ण समय में जर्मन कैबिनेट ने फोकस ऑन इंडिया डॉक्यूमेंट जारी किया है। जर्मनी ने स्किल्ड भारतीयों के लिए हर साल मिलने वाले विजा की संख्या 20 हजार से बढ़ाकर 90 हजार करने का फैसला किया है। मुझे विश्वास है कि इससे जर्मनी के विकास को नई गति मिलेगी। हमारा आपसी व्यापार 30 बिलियन डॉलर से ज्यादा के स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मैं इस कॉन्फ्रेंस को सिर्फ ट्रेड और निवेश के सीमित दायरे में ही नहीं देखता, मैं इसे इंडो पैसिफिक क्षेत्र और विश्व के बेहतर भविष्य की साझेदारी के रूप में देखता हूं। दुनिया को स्थिरता और सतत विकास की जरूरत है। इंडो पैसिफिक दुनिया के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। इस क्षेत्र का योगदान और क्षमता दोनों बहुत व्यापक हैं।





