Google Analytics —— Meta Pixel

भगत के बयान से गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत, BP वाले बयान पर भाजपा का जोरदार पलटवार, कहा- बीपी किसका बढ़ा है, जनता जानती है

Politics on Bhagat Statement: पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बीपी वाले बयान पर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। डिप्टी CM अरुण साव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, भाजपा नेता केदार गुप्ता और प्रदेश प्रवक्ता उमेश घोड़मोड़े ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बयान को राजनीतिक हताशा बताया है। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि बीपी किसका बढ़ा हुआ है, यह प्रदेश की जनता बता देगी। बार-बार मात खाने के बाद किसकी बीपी बढ़ी है, सब जानते हैं। देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी पर भाजपा की सरकार है। इनके गठबंधन के दल भी लगातार इनका साथ छोड़ रहे हैं। बीपी तो कांग्रेस का बढ़ा हुआ है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान जारी, 29 जून तक जिलाध्यक्षों की ‘पाठशाला’, अमरजीत बोले- प्रशिक्षण से बीजेपी का बढ़ेगा BP

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस के नेता भांग पीकर प्रशिक्षण दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का एक दिन भी साथ रहना मुश्किल होता है। बड़े नेता कार्यकर्ताओं को घुट्टी पिलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर उस घुट्टी का कोई असर नहीं पड़ रहा है। वहीं भाजपा नेता केदार गुप्ता ने कहा कि भाजपा का ब्लड प्रेशर, शुगर और मेंटल लेवल एक जैसा रहता है। कांग्रेस को अपना पूरा बॉडी चेकअप करवाना चाहिए। 22 राज्यों से कांग्रेस को जनता ने खदेड़ दिया है। भूपेश बघेल के बयानों से उनकी मानसिक स्थिति भी दिखाई देती है। वे बार-बार कहते हैं कि ‘कका अभी जिंदा है’। हम चाहते हैं कि वे दीर्घायु हों, लेकिन अमरजीत भगत को भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। कांग्रेस का स्वास्थ्य कैसा है, यह उनके बयानों से ही पता चल रहा है। (Politics on Bhagat Statement)

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश घोड़मोड़े ने कहा कि कांग्रेस के नेता फोबिया का शिकार हो चुके हैं, जिस नेता ने 99 चुनाव हारने का अनुभव रखा है, उसी ने प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। ऐसे में फोबिया से ग्रसित नेताओं के इस तरह के बयान आना वाजिब है। बता दें कि कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने किया था कि इससे भाजपा नेताओं का बीपी बढ़ जाएगा और कांग्रेस संगठन पहले से ज्यादा मजबूत होकर मैदान में उतरेगा। इसी बयान को लेकर अब दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस संगठन को धार देने में जुटी है तो दूसरी ओर भाजपा इसे कांग्रेस की बेचैनी बता रही है। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर अब राजनीतिक वार-पलटवार का नया मंच बन गया है। दोनों दलों के बीच जुबानी जंग फिलहाल थमती नहीं दिख रही है। (Politics on Bhagat Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!