Google Analytics —— Meta Pixel

पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर सियासत, CM साय ने कहा- प्रलोभन देकर धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं

Politics on Dhirendra Statement: छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रलोभन, अशिक्षा और गरीबी का फायदा उठाकर कराया जाने वाला धर्मांतरण किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपनी स्वेच्छा से धर्म अपनाता है तो उस पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन लालच या दबाव में कराया गया धर्म परिवर्तन न सिर्फ गलत है, बल्कि इसका विरोध भी होना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- गांव के विकास के लिए निर्माण के साथ शिक्षा और संस्कार भी जरूरी: विधायक इंद्र साव

दरअसल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 5 दिवसीय हनुमंत कथा में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं, जिन्होंने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया। पं. शास्त्री ने कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा किसी बीमारी से नहीं, बल्कि धर्मांतरण से है। यह कैंसर से भी ज्यादा खतरनाक है। उन्होंने कांकेर की घटना का जिक्र करते हुए चिंता जताई और चेतावनी दी कि अगर हिंदू समाज संगठित नहीं हुआ तो हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सचेत नहीं हुए तो बांगलादेश जैसे हालात भारत और छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकते हैं।

समर्थन में आए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू खुलकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में उतर आए। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म के ध्वजवाहक हैं। उन्होंने जो कहा है, वह कटु सत्य है। धर्मांतरण और मतांतरण देश और समाज के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने यह भी दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से धर्मांतरण के खिलाफ रही है और आवश्यकता पड़ी तो इसके लिए सख्त कानून भी बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में होती है तो वह धर्मांतरण को बढ़ावा देती है और विपक्ष में आने पर सिर्फ दिखावटी विरोध करती है। (Politics on Dhirendra Statement)

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का बयान

पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कैंसर का इलाज संभव है, लेकिन धर्मांतरण का नहीं। इसके लिए हमें लोभ का त्याग करना होगा। जल्द ही धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनेगा। वहीं धर्मांतरण और पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा खुद धर्मांतरण करवाती है और फिर उस पर राजनीतिक प्रोपेगैंडा करती है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्वघोषित कथावाचक हैं, जो टीआरपी के लिए बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को हिंदू धर्म का ठेकेदार किसने बनाया ? वे खुद को स्वंभू धर्मगुरु मानते हैं। धर्मांतरण के मुद्दे पर पंडित शास्त्री के बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। (Politics on Dhirendra Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!