छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
Politics on Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख को लेकर सियासत जारी है। इस बीच PCC चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार से मांग की है कि धान खरीदी की शुरुआत 1 नवंबर से की जाए। हालांकि सरकार ने 15 नवंबर से खरीदी शुरू करने का फैसला लिया है। इस पर बैज ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में दो बार बढ़ोतरी की गई है, ऐसे में अब किसानों से 3286 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जानी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:- भारतीय किसान संघ ने रखी 9 सूत्रीय मांग, 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
कांग्रेस की मांग पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया है। साथ ही कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब किश्तों में किसानों के साथ न्याय करने की योजना बनाई थी, अब वही कांग्रेस सुझाव दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को ज्ञान बांटना है तो वहां बांटे जहां उनकी सरकार है। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई, उन पर कांग्रेस को पश्चाताप यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में किसी तरह का कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। राज्य सरकार ने किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। (Politics on Paddy Procurement)
PCC चीफ दीपक बैज का भाजपा पर निशाना
कैबिनेट मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि पश्चाताप यात्रा तो भाजपा को निकालनी चाहिए, जिसने 15 साल तक झूठ बोलकर सत्ता में राज किया और किसानों से दो साल का बोनस तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्जमाफी की और अपने वादे के मुताबिक किसानों से धान खरीदा, जबकि भाजपा सरकार सिर्फ नौटंकी कर रही है। इधर, गरियाबंद जिले में धान खरीदी से पहले ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में बिचौलियों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। बिचौलिए ओडिशा से सस्ता धान लाकर समर्थन मूल्य पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। (Politics on Paddy Procurement)
अवैध धान खरीदी के पीछे की हकीकत
जिला प्रशासन को मिली सूचना के आधार पर देवभोग के तहसीलदार ने एक ट्रक को जब्त किया, जिसमें 400 बोरी से ज्यादा धान भरा हुआ था। यह ट्रक ओडिशा के नवरंगपुर जिले से आ रहा था और सीमा क्षेत्र में लगातार धान डंप कर रहा था। ट्रक चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस इलाके में प्रति एकड़ 10 से 12 क्विंटल धान की औसत पैदावार होती है। जबकि छत्तीसगढ़ में 20 क्विंटल तक धान खरीदी की जाती है। इस अंतर को ओडिशा से आयातित धान से पूरा किया जाता है, जिससे बिचौलियों को भारी मुनाफा होता है। ओडिशा में धान की दोनों फसल सीजन में बंपर पैदावार होती है, जिससे धान कम कीमत पर उपलब्ध हो जाता है। प्रशासन ने इस बार अवैध धान व्यापार पर रोक लगाने के लिए बेहतर समन्वय और निगरानी अभियान शुरू करने का दावा किया है।



