Google Analytics —— Meta Pixel

भारतीय किसान संघ ने रखी 9 सूत्रीय मांग, 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी

Bharatiya Kisan Sangh: केंद्र और राज्य दोनों ही सरकारों से जुड़े माने जाने वाले भारतीय किसान संघ ने मोर्चा खोल दिया है। किसान संघ ने छत्तीसगढ़ सरकार के सामने 9 सूत्रीय मांग रखी है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। संघ का कहना है कि वर्तमान सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है, जिससे किसान वर्ग में गहरी नाराजगी है।

यह भी पढ़ें:- Donald Trump Tariff : चीन पर फिर गरजे ट्रंप, सभी उत्पादों पर 100% टैरिफ लगाने का किया ऐलान

भारतीय किसान संघ की प्रमुख मांगें 

  1. हाफ बिजली बिल योजना को फिर लागू किया जाए, जिससे किसानों को बिजली दरों में राहत मिले।
  2. कृषि पंपों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि खेती का कार्य निर्बाध रूप से चल सके।
  3. पिछली सरकार की न्याय योजना के तहत किसानों को बकाया चौथी किस्त दीपावली से पहले दी जाए।
  4. धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3100 के साथ 186 अतिरिक्त दिया जाए।
  5. कृषि उन्नति योजना में गन्ना फसल को शामिल किया जाए, ताकि गन्ना किसानों को भी लाभ मिल सके।
  6. खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
  7. सहकारी समितियों में भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खाद-बीज और अन्य कृषि सामग्री का अभाव न हो।
  8. कृषि उपकरणों और बीजों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  9. सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष सहायता पैकेज जारी किया जाए।

भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष माधो सिंह ने कहा कि सरकार लगातार किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। किसानों को बिजली, खाद, बीज सहित हर जरूरी चीज के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में अगर मांगें नहीं मानी गई तो 13 अक्टूबर को बड़े स्तर पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। माधो सिंह ने कहा कि किसानों को लेकर सरकार की नीतियां अब सिर्फ कागजों में रह गई हैं। किसानों के मुद्दों को लेकर जो भी वादे किए गए थे, वो पूरे नहीं हुए। भारतीय किसान संघ के इस ऐलान को लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब किसान परेशान हैं तो नाराजगी तो होगी ही। उनको समय पर खाद और बीज नहीं मिल पाया है।

भाजपा के भीतर भी सबकुछ ठीक नहीं: बैज

बैज ने कहा कि बिजली बिलों में भी दो गुना बढ़ोतरी की गई है, लेकिन इस प्रदर्शन में एक खास बात यह है कि ये संगठन भाजपा और संघ से जुड़ा हुआ है। जब भाजपा से जुड़ा संगठन ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है तो समझा जा सकता है कि भाजपा के भीतर भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। भारतीय किसान संघ के इस विरोध और कांग्रेस की प्रतिक्रिया से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार किसानों की इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है और 13 अक्टूबर से पहले कोई समाधान निकलता है या नहीं। (Bharatiya Kisan Sangh)

Back to top button
error: Content is protected !!