Donald Trump Tariff : चीन पर फिर गरजे ट्रंप, सभी उत्पादों पर 100% टैरिफ लगाने का किया ऐलान
रेयर अर्थ एलिमेंट्स के निर्यात प्रतिबंध के बाद अमेरिका ने दिखाया कड़ा रुख - 1 नवंबर से लागू होगा नया टैरिफ, सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट पर भी कंट्रोल
Donald Trump Tariff : अमेरिकी उद्योगों के लिए आवश्यक रेयर अर्थ एलिमेंट्स (Rare Earth Elements) के निर्यात पर चीन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन की इस नीति को “आक्रामक रुख” बताते हुए जवाबी कदम के तौर पर चीनी उत्पादों पर 100% अतिरिक्त टैरिफ (Donald Trump Tariff) लगाने की घोषणा की है।
यह भी पढ़े :- पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन अस्वीकार्य : मुख्यमंत्री से मिले फेडरेशन और जनसंपर्क अधिकारी संघ के प्रतिनिधि
ट्रंप ने कहा, “1 नवंबर से अमेरिका, चीन से आयातित सभी वस्तुओं पर 100% टैरिफ लगाएगा। यह पहले से लागू शुल्क के अतिरिक्त होगा। इसके साथ ही अमेरिका उसी दिन सभी सॉफ्टवेयर पर भी एक्सपोर्ट कंट्रोल लागू करेगा।”
चीन पर मीटिंग रद्द करने को लेकर ट्रंप का जवाब
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस घोषणा के बाद उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी है, तो ट्रंप ने कहा, “नहीं, रद्द नहीं की है, लेकिन यह तय नहीं है कि बैठक होगी भी या नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर चीन अपने एक्सपोर्ट कंट्रोल वापस लेता है, तो हम टैरिफ पर पुनर्विचार कर सकते हैं। इसलिए मैंने इसे 1 नवंबर की तारीख पर रखा है।”
चीन ने अपनाया बेहद आक्रामक व्यापारिक रुख
ट्रंप ने कहा कि चीन ने व्यापार पर “बेहद आक्रामक” रवैया अपनाते हुए दुनिया को एक “शत्रुतापूर्ण पत्र” भेजा है, जिसमें बताया गया है कि चीन 1 नवंबर 2025 से अपने लगभग सभी उत्पादों पर बड़े पैमाने पर एक्सपोर्ट कंट्रोल लागू करेगा — यहां तक कि कुछ ऐसे उत्पादों पर भी जो चीन स्वयं नहीं बनाता।
उन्होंने कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अभूतपूर्व है और वैश्विक व्यापारिक नैतिकता का अपमान है।”
ट्रंप की चेतावनी – टैरिफ में भारी बढ़ोतरी
ट्रंप ने चेतावनी दी कि अमेरिका चीन के इन कदमों का “कड़ा जवाब” देगा, जिसमें चीनी वस्तुओं पर टैरिफ में भारी वृद्धि शामिल होगी।
चीन, जो स्मार्टफोन से लेकर फाइटर जेट्स तक में उपयोग होने वाले रेयर अर्थ खनिजों के वैश्विक प्रसंस्करण में अग्रणी है, ने अपनी प्रतिबंधित सूची में पाँच नए तत्व — होल्मियम, एर्बियम, थ्यूलियम, यूरोपियम और यटरबियम — जोड़े हैं। अब कुल प्रतिबंधित तत्वों की संख्या 17 में से 12 हो गई है।

चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य “राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक हितों की रक्षा” करना है और यह सुनिश्चित करना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल सैन्य या संवेदनशील क्षेत्रों में न हो। (Donald Trump Tariff)
बैटरी और तकनीक पर भी नए प्रतिबंध
रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन ने इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाली लिथियम बैटरी और ग्रेफाइट एनोड सामग्री पर भी नए निर्यात प्रतिबंध लगाए हैं।
नए नियम नवंबर और दिसंबर के बीच लागू होंगे। यह कदम दक्षिण कोरिया में होने वाले आगामी एपीईसी शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता में बीजिंग की सख्त स्थिति को दर्शाता है, जहाँ ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच मुलाकात संभावित है। (Donald Trump Tariff)



