Google Analytics —— Meta Pixel

आतंकी हमलों का हल कठोर कार्रवाई से होगा, न कि खोखले भाषणों और झूठे वादों से: राहुल गांधी

Politics on Terror Attack:  जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले पर राजनीति शुरू हो गई है। दरअसल, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भारतीय सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले का समाचार अत्यंत दुखद है। मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारी सेना पर ये कायरतापूर्ण हमले अत्यधिक निंदनीय हैं। एक महीने के अंदर पांचवा आतंकी हमला देश की सुरक्षा और हमारे जवानों के जीवन पर भयंकर आघात है।

यह भी पढ़ें:-  जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में अब तक 5 जवान शहीद, 5 घायल, कल सेना के वाहन पर हुआ था हमला

उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे आतंकी हमलों का हल कठोर कार्रवाई से होगा, न कि खोखले भाषणों और झूठे वादों से। इस दुख की घड़ी में हम मजबूती से देश के साथ खड़े हैं। कांग्रेस परिवार शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है। वहीं समाजवादी पार्टी ने घटना को लेकर कहा- अत्यंत दुखद। जम्मू कश्मीर के कठुआ में सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले में 5 जवान हुए शहीद, 5 घायल, हृदयविदारक घटना। ईश्वर वीर सपूतों की आत्मा को शांति दे। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि। (Politics on Terror Attack)

JCO समेत 5 जवान शहीद

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में हुए आतंकी हमले में जूनियर कमीशंड ऑफिसर यानी JCO समेत 5 जवान शहीद हो गए। वहीं 5 घायल जवानों को कठुआ के बिलावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से देर रात पठानकोट मिलिट्री हॉस्पिटल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक जवानों पर हमला 3 आतंकियों ने मिलकर किया था, जो एडवांस हथियारों से लैस थे। हमला करने वाले आतंकी सीमा पार से घुसपैठ करके आए थे, जिसकी हमले के लिए एक लोकल गाइड ने मदद की थी। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर टाइगर्स नाम के आतंकी संगठन ने ली है। ये प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की ही एक शाखा है।

आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लिखा कि ये हमला 26 जून को डोडा में मारे गए 3 आतंकियों की मौत का बदला है। साथ ही लिखा कि आतंकियों ने हमला हैंड ग्रेनेड और स्नाइपर गन से किया था। आतंकी संगठन ने आगे लिखा कि जल्द ही और ज्यादा हमले किए जाएंगे। ये लड़ाई कश्मीर की आजादी तक चलती रहेगी। वहीं भारतीय सेना ने इसी साल के अंत तक जम्मू रीजन से आतंकवाद का सफाया करने का प्लान तैयार किया है। इसे लेकर बीते दिनों गृह मंत्रालय में बैठक हुई थी, जिसके बाद पुंछ, राजौरी, रियासी, कठुआ में सक्रिय 30 आतंकियों की लिस्ट बनी है। मीटिंग में तय हुआ है कि आतंकियों और उनके मददगारों के सफाए के लिए एनिमी एजेंट्स एक्ट अपने मूल रूप में फिर लागू किया जाएगा। (Politics on Terror Attack)

2 महीने में सेना पर हमले की दूसरी घटना

बता दें कि एनिमी एजेंट्स एक्ट में मददगारों की संपत्ति जब्त करने से लेकर उम्र कैद और फांसी तक की सजा का प्रावधान है। इसे 1948 में विदेशी आतंकियों और घुसपैठियों के खात्मे के लिए बनाया गया था। हालांकि बाद में इसे संशोधन कर कानूनी रूप दिया गया। इसमें सजा घटाकर 10 साल की गई। अभी UAPA भी लागू है, लेकिन एनिमी एक्ट इससे भी सख्त है। ये 2 महीने के अंदर सेना के वाहन पर आतंकी हमले की दूसरी घटना है। इससे पहले आतंकियों ने 4 मई को पुंछ के शाहसितार इलाके में एयरफोर्स के काफिले पर हमला किया था, जिसमें कॉर्पोरल विक्की पहाड़े शहीद हो गए थे। जबकि 4 जवान घायल भी हुए थे। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के दो वाहनों पर फायरिंग की थी। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में जवानों ने मुदरघम और चिन्निगम फ्रिसल में 6 आतंकियों को मार गिराया था। इस दौरान दो जवान भी शहीद हुए थे। (Politics on Terror Attack)

Back to top button
error: Content is protected !!