Google Analytics —— Meta Pixel

विनेश फोगट को लेकर BJP और कांग्रेस आमने-सामने, खेड़ा ने कहा- हमेशा बेटियों के साथ खड़े रहेंगे

Politics on Vinesh Phogat: भारतीय पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर पूर्व WFI अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी 2023 में जब जंतर-मंतर पर धरना शुरू हुआ था तो मैंने पहले दिन कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है। इसके पीछे कांग्रेस है। विशेषकर भूपेंद्र हुड्डा, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी। आज यह बात सच साबित हुई कि इस पूरे आंदोलन में जो हमारे खिलाफ षड्यंत्र के तहत किया गया उसमें कांग्रेस शामिल थी। इसका नेतृत्व भूपेंद्र हुड्डा कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:- पुनिया ने कहा- हमारे आंदोलन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं, BJP ने घेरा

बृजभूषण ने कहा कि मैंने पहले कहा था यह झूठ है। आज भी कह रहा हूं यह झूठ है। यह षड्यंत्र मेरे खिलाफ रचा गया और हमारे बहाने पार्टी को भी टारगेट किया गया। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह आज की बात नहीं है। आजादी के आंदोलन में भी कांग्रेस अंग्रेजों के खिलाफ खड़ी थी और भाजपा अंग्रेजों के साथ खड़े थे, जो गलत करता है भाजपा उसके साथ होती है और वो भाजपा के साथ होता है, जिसके साथ गलत होता है कांग्रेस उसके साथ होती है और आवाज उठाती है। 6 खिलाड़ियों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। हमें गर्व है कि हम अपनी बेटियों के साथ खड़े थे, खड़े हैं और खड़े रहेंगे। (Politics on Vinesh Phogat)

सुप्रिया श्रीनेत ने मीडिया पर कसा तंज

वहीं कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि बृजभूषण सिंह बेशर्मी से विनेश फोगाट के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और TV चैनल उनको सुपर एक्सक्लूसिव प्लेटफार्म दे रहे हैं। याद रहे बृजभूषण एक चार्जशीटेड आरोपी हैं। उन पर 354, 354A, 354D, 506 जैसी धाराएं लगी हैं, जिनमें यौन शोषण, पीछा करना, धमकाना, बल प्रयोग शामिल है। लानत है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि अगर बृजभूषण सिंह ने कहा है कि अच्छा हुआ विनेश को मेडल नहीं मिला तो ये देश के लिए और खेल के लिए दुर्भाग्य की बात है। भाजपा उन्हें तुरंत पार्टी से निकाले और उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह की कार्रवाई हो। (Politics on Vinesh Phogat)

बजरंग पुनिया ने बृजभूषण पर साधा निशाना

भारतीय पहलवान और कांग्रेस नेता बजरंग पुनिया ने बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर कहा कि अगर थप्पड़ मारने की हिम्मत होती तो बहुत सारी लड़कियों के थप्पड़ आपके मुंह पर लगते। पूनिया ने कहा कि देश के प्रति बृजभूषण शरण सिंह की मानसिकता उजागर हुई है। यह विनेश का पदक नहीं था। यह 140 करोड़ भारतीयों का पदक था। विनेश के अयोग्य ठहराए जाने पर जश्न मनाने वाले क्या वे देशभक्त हैं? बता दें कि इससे पहले बृजभूषण सिंह ने फोगाट के अयोग्य होने पर कहा था कि वह खुश हैं। पूनिया ने कहा कि हम बचपन से देश के लिए लड़ रहे हैं। (Politics on Vinesh Phogat)

पुनिया ने पहले भी बीजेपी पर किया था वार

बजरंग पुनिया ने कहा कि वे हमें देशभक्ति सिखा रहे हैं। वे लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। हमने कभी नहीं बताया कि किस पहलवान के साथ छेड़छाड़ हुई। उसने विनेश का नाम लेकर अपराध किया है। पुनिया ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह में हिम्मत है तो हरियाणा आएं और विनेश फोगाट के खिलाफ प्रचार करें। इससे पहले पुनिया ने कहा था कि बीजेपी अपने आपको दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी मानती है, लेकिन अपने लाखों कार्यकर्ताओं में से बृजभूषण के बेटे को टिकट दिया। पंजाब हरियाणा के आंदोलनों में एक नारा यहां के लोग लगाते हैं, ‘सरकारों से ना आस करो, अपनी रखवाली आप करो। यह देश का दुर्भाग्य है कि मेडल जीतने वाली बेटियां सड़कों पर घसीटी जाएंगी और उनका यौन शोषण करने वाले के बेटे को टिकट देकर सम्मानित किया जाएगा। (Politics on Vinesh Phogat)

कांग्रेस नेता कुलदीप वत्स ने किया दावा

वहीं कांग्रेस नेता कुलदीप वत्स ने कहा कि भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ इनके लिए झूठा साबित हुआ है। हरियाणा सब जानता है। पछतावा किसे होगा ये सब पता है। अहंकार उन पर सवार है, जिसके चलते वो ऐसी बातें कर रहे हैं। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर अनिल विज कहा कि जो कुछ घटित हुआ है, उससे ऐसा लग रहा है कि सब कुछ यानी पहलवानों का विरोध प्रदर्शन कांग्रेस ने ही रचा था। कांग्रेस खिलाड़ियों की आड़ में राजनीति कर रही थी, जो शर्मनाक बात है। (Politics on Vinesh Phogat)

Back to top button
error: Content is protected !!