350 फीट गहरी खाई में गिरी आर्मी वैन, हादसे में 5 जवान शहीद, 3 लापता

Poonch Road Accident: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां आर्मी वैन 350 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार 18 जवानों में से 5 की मौत हो गई है। वहीं 10 घायल हैं, जिसमें से 4 जवानों की हालत गंभीर है। वहीं 3 लापता जवानों की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक सभी जवान लाइन ऑफ कंट्रोल यानी LoC की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलनोई इलाके में घोड़ा पोस्ट के पास ड्राइवर के संतुलन खोने की वजह से वैन खाई में गिर गई। सभी जवान मराठा रेजिमेंट के हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सेना की क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची, जिन्होंने रेस्क्यू शुरू किया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ महाविद्यालय को नैक ग्रेडिंग में ‘बी प्लस’ ग्रेड, प्राचार्य ने दी महाविद्यालय परिवार को बधाई, नैक समिति ने की प्रशंसा
घायल जवानों को आस-पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले नवंबर में हुए दो अलग- अलग हादसों में 5 जवानों की मौत हो गई थी। 4 नवंबर को राजौरी में हुए सड़क हादसे में दो जवानों की जान चली गई थी। वहीं 2 नवंबर को रियासी जिले में कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। साल 2023 में लद्दाख में 9 जवानों की मौत हुई थी। दरअसल, लद्दाख में 19 अगस्त को सेना की गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 9 जवानों की जान चली गई थी। सेना के काफिले में पांच गाड़ियां शामिल थी, जिसमें 34 जवान सवार थे। इस हादसे में एक जवान घायल भी हुआ था। लेह के SSP पीडी नित्या ने बताया था कि वाहन के ड्राइवर ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया, जिससे ट्रक खाई में जा गिरा था। (Poonch Road Accident)

23 दिसंबर 2022 को 16 जवानों की हुई थी मौत
वहीं 29 अप्रैल 2023 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में दो जवानों की मौत हुई थी। सेना की एंबुलेंस सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। हादसा लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल के पास केरी सेक्टर में हुआ था। 23 दिसंबर 2022 को सिक्किम के जेमा में आर्मी का ट्रक खाई में गिर गया था, जिसमें 16 जवानों की मौत हो गई थी। आर्मी ने बताया कि वाहन एक मोड़ पर फिसल गया और सीधे खाई में जा गिरा। इस वाहन के साथ आर्मी की दो वैन और थी। तीनों वाहन चटन से थंगू के लिए निकले थे। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल में भर्ती कराया था। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में हादसों की खबरें सामने आती रहती है। (Poonch Road Accident)



