लोकसभा चुनाव से पहले शुरू हुआ पोस्टर वॉर, BJP ने लिखा- राजनांदगांव या जिहादगांव…चुनाव आपका है

Poster War in Chhattisgarh: लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से जुटी हुई है। इस बीच छत्तीसगढ़ में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। दरअसल, बीजेपी छत्तीसगढ़ की सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक कार्टून पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल पर निशाना साधा गया है। बीजेपी ने कार्टून पोस्ट कर लिखा- राजनांदगांव या जिहादगांव…चुनाव आपका है। साथ ही भूपेश बघेल का कार्टून बनाकर जिहाद का झंडा लिए नेतृत्व करते हुए दिखाया गया है। इसके साथ-साथ पोस्ट में लिखा है कि-  ‘भाईजान! अगला नंबर राजनांदगांव का है’। कार्टून में भूपेश बघेल के कार्टून के पीछे हथियार लिए लोग दिखाई दे रहे हैं, जिसका नेतृत्व भूपेश बघेल का कार्टून कर रहा है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी, 3 IPS, 25 DSP और 50 थाना प्रभारियों का ट्रांसफर

वहीं शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बस्तर दौरे के दौरान कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता जिहादी है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश को जिहादी मानसिकता में बदलना चाहती है। जबकि BJP देश में राम राज्य के पक्ष में है। शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने कहा कि देश की जनता राम राज्य वालों के पक्ष में हमेशा खड़ी रहेगी। इसे लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राजनांदगांव, बौध, सिख, मां बमलेश्वरी धाम की धरती है। ऐसी धरती को लेकर भाजपा की ओर से जारी किया गया कार्टून पूरे राजनांदगांव की जनता का अपमान है। कांग्रेस का कहना है कि BJP के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए लोगों को धर्म के नाम पर भड़का रही है। BJP हमेशा ही धर्म के नाम पर राजनीति करती है।

इस पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार से जाने के बाद इन्हें संस्कार की याद आती है। सत्ता में रह कर ये याद करते तो छत्तीसगढ़ आज बदनाम नहीं होता। कांग्रेस के कार्यकाल में बिरनपुर की घटना हुई, जिसकी सत्यता सामने आई। 5 साल में ऐसा गढ़ कांग्रेस ने बनाया है, जो कहीं ना कहीं आज शंका के दायरे पर है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में जिहादी मानसिकता हावी थी। बेमेतरा में भुवनेश्वर साहू की गला काटकर हत्या की गई। बस्तर में लाशों का अंतिम संस्कार धर्मांतरण को बढ़ावा देने वाले लोग नहीं होने देते थे। इसी वजह से भाजपा ने कार्टून के जरिए ये स्थिति प्रदर्शित की है। जनता पिछले विधानसभा चुनावों में इन्हीं कारणों से कांग्रेस को नकार चुकी है। (Poster War in Chhattisgarh) 

Related Articles

Back to top button