Google Analytics —— Meta Pixel

सूरजपुर जिला अस्पताल में लापरवाही से महिला और नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

Pregnant Dies in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला साढ़े तीन घंटे तक अस्पताल में बिना इलाज के पड़ी रही। न तो ड्यूटी डॉक्टर पहुंचे और न ही नर्स। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला और नवजात दोनों को मृत घोषित कर दिया।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक पीढ़ा गांव की रहने वाली रेखा राजवाड़े (24) नौ महीने की गर्भवती थी। बुधवार की रात करीब 11 बजे उसे प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिजन एम्बुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि महिला को प्रसव कक्ष में ले जाने के बाद भी न तो डॉक्टर पहुंचे और न नर्स। रेखा को लेकर आई मितानिन सुगंती राजवाड़े ने बताया कि बार-बार कहने के बावजूद गार्ड ने न तो डॉक्टर को बुलाया और न ही नर्स को। उसने प्रसूता को ताकत लगाने की सलाह दी और चला गया। (Pregnant Dies in Surajpur)

ढाई बजे थम गईं सांसें !

करीब ढाई बजे महिला की हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई, तभी डॉक्टर और नर्स मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला और उसके शिशु को मृत घोषित कर दिया। मृतिका के भाई गोपाल राजवाड़े ने बताया कि जिला अस्पताल में बहन को तीन घंटे तक बिना इलाज के छोड़ दिया गया। जब बेहोश हो गई तो बिना सही जानकारी दिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:- गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा : 6 की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

मृतिका के ससुर शोभनाथ राजवाड़े ने बताया कि एम्बुलेंस चालक ने उन्हें सूरजपुर से अंबिकापुर ले जाने के लिए 800 रुपए वसूले। पैसे देने के बाद ही वह सुबह 5 बजे रवाना हुआ। सूरजपुर के सीएमएचओ डॉ. कपिलदेव पैकरा ने कहा कि वे मामले की जानकारी ले रहे हैं और फिलहाल कुछ नहीं कह सकते। वहीं हेल्थ ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अनिल शुक्ला ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यह सूरजपुर जिले में दूसरी बार ऐसी शिकायत आई है। इसलिए कड़ी कार्रवाई होगी। (Pregnant Dies in Surajpur)

परिवार में छाया मातम

बता दें कि रेखा राजवाड़े का एक तीन साल का बेटा है। दूसरी बार मां बनने की खुशी परिवार में थी, लेकिन लापरवाही के कारण घर का माहौल मातम में बदल गया। यह मामला एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। आखिर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्स रातभर सोते रहे और प्रसूता को इलाज क्यों नहीं मिला ? इसी बीच राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में एक अलग मामला सामने आया, जहां आरंग से आई गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिसे वह मल त्याग की इच्छा समझकर शौचालय चली गई। वहीं उसने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए मां और नवजात दोनों को सुरक्षित प्रसव कक्ष में पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई गई।

Back to top button
error: Content is protected !!