Google Analytics —— Meta Pixel

सरपंच के बाल विवाह रोकथाम के प्रयास ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान, अब पूरे देश में सुनाई दे रही गूंज

Premnagar Sarpanch Lal Singh: सूरजपुर के दुर्गापुर ग्राम पंचायत के प्रेमनगर जनपद के सरपंच लाल सिंह श्याम ने अपने नवाचार और समाज सुधार के प्रयासों से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत दुर्गापुर को बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का अनूठा प्रयास किया गया, जिसकी गूंज अब पूरे देश में सुनाई दे रही है। 27 नवंबर 2024 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राष्ट्रीय अभियान ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर महिला और बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर समेत कई लोग उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में देशभर से बाल विवाह रोकथाम के लिए किए गए नवाचारों की कहानियां साझा की गईं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक आज, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ से सूरजपुर जिले के दुर्गापुर पंचायत के सरपंच लाल सिंह श्याम के नवाचार को इस कार्यक्रम में विशेष रूप से चयनित किया गया। पूरे देश में मात्र एक जनप्रतिनिधि को अपना अनुभव शेयर करने का मौका मिला, जो एक गर्व का विषय है। लाल सिंह श्याम ने अपने पंचायत में बाल विवाह को रोकने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने गांव के प्रमुख लोगों के साथ नियमित बैठक आयोजित कर विवाह योग्य लड़के-लड़कियों का पंजीयन सुनिश्चित किया। विवाह के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई और अगर किसी लड़के की उम्र 21 साल से कम या लड़की की उम्र 18 साल से कम पाई जाती थी तो उनके परिवारों को समझाकर बाल विवाह रोकने का प्रयास किया गया। साथ ही सही उम्र में विवाह के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पंचायत की ओर से 18 साल या उससे ज्यादा उम्र की लड़कियों की शादी पर 2,000 रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। (Premnagar Sarpanch Lal Singh)

साल 2023 और 2024 में अब तक 14 लड़कियों को यह प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। इन प्रयासों ने पंचायत में सही उम्र में विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाई है और पूरे दुर्गापुर पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। लाल सिंह श्याम ने अपने इस नवाचार को सूरजपुर जिला NIC कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रस्तुत किया। वह पूरे देश से शामिल जनप्रतिनिधियों में एकमात्र ऐसे प्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपने प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल की। उनके इस कार्य की सराहना न सिर्फ जिले में बल्कि पूरे देश में हो रही है। (Premnagar Sarpanch Lal Singh)

पूरे देश के लिए प्रेरणादायक

सूरजपुर जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन ने लाल सिंह श्याम की तारीफ करते हुए अन्य पंचायतों को भी इस तरह के नवाचार करने के लिए प्रेरित किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी रमेश साहू और जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। एक छोटे से गांव की यह पहल न सिर्फ जिले बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बन गई है। दुर्गापुर पंचायत के सरपंच लाल सिंह श्याम ने यह साबित कर दिया कि सही सोच और प्रयास से बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। उनके इस प्रयास से दुर्गापुर पंचायत बाल विवाह मुक्त बनकर एक मिसाल बन गई है। (Premnagar Sarpanch Lal Singh)

Back to top button
error: Content is protected !!