Google Analytics —— Meta Pixel

BRICS समिट के लिए भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, कल PM नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात

Putin India Tour 2026: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS सम्मेलन से पहले 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने दोनों नेताओं की मुलाकात की पुष्टि की है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि रूस भारत को अपना रणनीतिक साझेदार मानता है और दोनों देशों के संबंध उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पेस्कोव के मुताबिक मोदी और पुतिन के बीच होने वाली बातचीत में व्यापार, आर्थिक सहयोग, परिवहन और दोनों देशों के बीच कारोबार बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों देशों की कंपनियों के लिए नए कारोबारी अवसर तलाशने पर भी बातचीत हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- BRICS Summit 2026: समिट से पहले सजी नई दिल्ली, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, भारत पर दुनिया की निगाहें

पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन BRICS से जुड़े सभी प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने दोनों नेताओं के बीच अच्छे और करीबी संबंधों का भी जिक्र किया। माना जा रहा है कि बैठक में द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ कई अहम वैश्विक घटनाक्रमों पर भी दोनों नेता विचार-विमर्श कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध भी प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकता है। दोनों नेता युद्ध की मौजूदा स्थिति और इसके वैश्विक स्तर पर पड़ रहे असर पर चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा फारस की खाड़ी में जारी तनाव भी बातचीत का हिस्सा बन सकता है। रूस का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में जारी घटनाक्रम का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय तनाव, ऊर्जा आपूर्ति और उसके आर्थिक प्रभावों को लेकर भी चर्चा की संभावना है। (Putin India Tour 2026)

Su-57 लड़ाकू विमान भी रूस के एजेंडे में शामिल

PM मोदी और पुतिन मुलाकात में रक्षा सहयोग को भी खास महत्व मिलने की संभावना है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक भारत को रूस के Su-57 लड़ाकू विमान की पेशकश का मुद्दा रूस के एजेंडे में शामिल है। Su-57 रूस का पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान है। इसमें स्टील्थ तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसे रडार पर पकड़ना अपेक्षाकृत मुश्किल होता है। विमान हवा और जमीन दोनों तरह के लक्ष्यों पर हमला करने में सक्षम है। इसमें आधुनिक रडार और सेंसर सिस्टम भी लगाए गए हैं। भारत और रूस पहले से ही रक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर साथ काम कर रहे हैं। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर और अन्य रक्षा प्रणालियों तक दोनों देशों के बीच लंबे समय से सहयोग रहा है। ऐसे में Su-57 को लेकर बातचीत दोनों देशों के रक्षा संबंधों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

9 महीने में दूसरी बार भारत आएंगे पुतिन

Su-57 रूस का पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान है। इसका विंग स्पैन 46.3 फीट, लंबाई 65.11 फीट और ऊंचाई 15.1 फीट है। इसकी अधिकतम गति करीब 2,136 किलोमीटर प्रति घंटा है। विमान का वजन करीब 18,500 किलो है और यह लगभग 10,000 किलो तक का वेपन पेलोड ले जाने में सक्षम है। बता दें कि राष्ट्रपति पुतिन की यह करीब 9 महीने में दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे 4 दिसंबर 2025 को भारत आए थे। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा था। पिछली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन का एयरपोर्ट पर स्वागत किया था। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में प्रधानमंत्री आवास पहुंचे थे, जहां मोदी ने पुतिन के सम्मान में निजी डिनर का आयोजन किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी भाषा में लिखी भगवद्गीता की प्रति भी राष्ट्रपति पुतिन को भेंट की थी। अगले दिन दोनों नेताओं के बीच वार्षिक शिखर बैठक हुई थी, जिसमें रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई थी।

55 साल पुरानी है भारत-रूस की दोस्ती

भारत और रूस के रिश्तों की मजबूत नींव सोवियत संघ के दौर में पड़ी थी। 9 अगस्त 1971 को भारत और सोवियत संघ के बीच शांति, मैत्री और सहयोग संधि पर हस्ताक्षर हुए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच रक्षा, उद्योग, तकनीक और ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ता गया। सोवियत संघ ने भारत के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ का भिलाई स्टील प्लांट भारत-सोवियत सहयोग का बड़ा उदाहरण माना जाता है। रक्षा क्षेत्र में भी दोनों देशों के संबंध काफी पुराने हैं। भारत ने सोवियत संघ और बाद में रूस से लड़ाकू विमान, टैंक, पनडुब्बियां और मिसाइल सिस्टम समेत कई प्रमुख सैन्य उपकरण खरीदे हैं। साल 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगाए। इसके बावजूद भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद जारी रखी। जानकारी के मुताबिक 2024 में भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 70 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया।

भारत-रूस व्यापार में बड़ा असंतुलन

वहीं जुलाई 2026 में रूस भारत के कुल कच्चे तेल आयात का करीब 50.83 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध करा रहा था। इस दौरान भारत ने रूस से करीब 24.7 लाख बैरल कच्चा तेल प्रतिदिन खरीदा। यानी यूक्रेन युद्ध के बाद रूस भारत के लिए ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ा सप्लायर बनकर उभरा है। भारत और रूस के बीच व्यापार तेजी से बढ़ा है, लेकिन दोनों देशों के व्यापार में बड़ा असंतुलन भी दिखाई देता है। 2025-26 में भारत-रूस कुल व्यापार करीब 5.01 लाख करोड़ रुपए रहा। भारत ने रूस को करीब 37.6 हजार करोड़ रुपए का निर्यात किया, जबकि रूस से भारत का आयात करीब 4.63 लाख करोड़ रुपए रहा। भारत से रूस को मछली, झींगा, चावल, तंबाकू, चाय, कॉफी, अंगूर, मशीनरी, कांच के सामान, कपड़े, दवाइयां, केमिकल उत्पाद और लोहे-स्टील से जुड़े उत्पाद निर्यात किए जाते हैं। वहीं रूस से भारत मुख्य रूप से कच्चा तेल और पेट्रोलियम उत्पाद, उर्वरक, खनिज ईंधन, मोम, बिटुमिन, मशीनरी, भारी उपकरण, कीमती धातुएं, ज्वेलरी और लकड़ी जैसी वस्तुएं आयात करता है। (Putin India Tour 2026)

डॉलर से दूर हो रहा भारत-रूस कारोबार ?

पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बाद भारत और रूस ने अपनी-अपनी मुद्राओं में व्यापार और भुगतान बढ़ाने की कोशिश की है। रूस के मुताबिक दोनों देशों के कारोबार का करीब 96 प्रतिशत हिस्सा अब स्थानीय मुद्राओं में हो रहा है। इस व्यवस्था में 22 रूसी और 17 भारतीय बैंक शामिल हैं। हालांकि 8 सितंबर 2026 को क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने स्पष्ट किया कि रूस डॉलर को खत्म करने की कोशिश नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि रूस भुगतान के लिए दूसरे विकल्पों को बढ़ावा देना चाहता है। भारत की विदेश नीति के लिहाज से रूस के साथ संबंधों का अपना महत्व है, लेकिन इसी दौरान भारत के अमेरिका के साथ रणनीतिक और रक्षा संबंध भी मजबूत हुए हैं। दूसरी ओर रूस और चीन के रिश्ते भी पिछले कुछ सालों में और गहरे हुए हैं। भारत और चीन दोनों रूस के बड़े कारोबारी साझेदार और ऊर्जा खरीदार हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों देश मिलकर रूस से होने वाली समुद्री तेल खरीद का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा लेते हैं। ऐसे में भारत के सामने एक जटिल रणनीतिक संतुलन है, जिसमें रूस के साथ पारंपरिक साझेदारी, अमेरिका के साथ बढ़ता रणनीतिक सहयोग और चीन के साथ प्रतिस्पर्धा शामिल हैं।

क्या है BRICS ?

BRICS दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। वर्तमान में इसमें 11 देश-ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया शामिल हैं। BRICS का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देना है। BRICS की शुरुआत चार देश ब्राजील, रूस, भारत और चीन से हुई थी। इन्हें मिलाकर शुरुआत में BRIC कहा जाता था। यह नाम 2001 में गोल्डमैन सैक्स के अर्थशास्त्री जिम ओ’नील ने दिया था। BRICS का विस्तार 2009 में ब्राजील, रूस, भारत और चीन के साथ BRIC की औपचारिक शुरुआत से हुआ। इसके बाद 2010 में दक्षिण अफ्रीका के शामिल होने के बाद इसका नाम BRICS हो गया। समूह का आगे विस्तार करते हुए 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और UAE को शामिल किया गया, जबकि 2025 में इंडोनेशिया और सऊदी अरब के शामिल होने के साथ BRICS का दायरा और बढ़ गया।

भारत कर रहा है 2026 BRICS की अध्यक्षता

भारत 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। इसी क्रम में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन से पहले 11 सितंबर को मोदी-पुतिन द्विपक्षीय बैठक को खास महत्व दिया जा रहा है। कुल मिलाकर पुतिन की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक स्तर पर रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिमी प्रतिबंध, ऊर्जा सुरक्षा और बदलते भू-राजनीतिक समीकरण चर्चा के केंद्र में हैं। ऐसे में मोदी-पुतिन मुलाकात से भारत-रूस के रक्षा, ऊर्जा और व्यापारिक रिश्तों को लेकर कई अहम संकेत मिलने की उम्मीद है। पुतिन की भारत यात्रा ऐसे वक्त हो रही है, जब दुनिया रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा संकट और बदलते वैश्विक समीकरणों के दौर से गुजर रही है। BRICS की मेजबानी कर रहा भारत रूस के साथ अपनी पुरानी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग को भी नई दिशा देना चाहता है। ऐसे में 11 सितंबर को होने वाली मोदी-पुतिन मुलाकात और BRICS सम्मेलन पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!