Google Analytics —— Meta Pixel

कोलंबिया से राहुल गांधी का सीधा हमला, कहा- भाजपा-RSS कमजोरों को मारते और ताकतवरों से भागते हैं

Rahul on BJP RSS: कोलंबिया की EIA यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘द फ्यूचर इज टुडे’ कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाजपा और RSS पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा की विचारधारा के मूल में कायरता है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के 2023 में दिए गए बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अगर आप विदेश मंत्री के एक बयान पर गौर करें तो उन्होंने कहा था कि चीन हमसे कहीं ज्यादा शक्तिशाली है। हम उससे कैसे लड़ सकते हैं ? इस विचारधारा के मूल में कायरता है। वे कमजोर लोगों को मारते हैं और ताकतवर लोगों से दूर भागते हैं। यही भाजपा-RSS का स्वभाव है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी, कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट, जानिए कहां कितनी हुई बारिश

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग चाहते हैं कि हर संस्थान सिर्फ उनके हिसाब से काम करे। राहुल ने छात्रों के सवाल-जवाब सत्र में कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को जगह मिलनी चाहिए और यह भारत की आत्मा के खिलाफ है। भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। यह देश के लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। भारत की ताकत उसकी विविधता और लोकतंत्र में निहित है, लेकिन मौजूदा हालात में इन मूल्यों पर खतरा मंडरा रहा है। (Rahul on BJP RSS)

इन देशों का दौरा करेंगे राहुल गांधी

बता दें कि राहुल गांधी साउथ अमेरिका के 10 दिन के दौरे पर हैं, जिसमें वे ब्राजील, पेरू और चिली का भी दौरा करेंगे। वहीं राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। BJP ने कहा कि राहुल विदेश में बैठकर भारत की बदनामी कर रहे हैं और उनका रिमोट कंट्रोल विदेशियों के हाथों में है। भाजपा ने यह भी कहा कि राहुल मोदी-भाजपा का विरोध करते-करते भारत और यहां की संस्थाओं के खिलाफ जा चुके हैं। इधर, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा राष्ट्रभक्त संगठन 100 साल का हो चुका है। संघ का सबसे बड़ा योगदान ऐसे आत्मानुशासित और उत्तरदायी नागरिक हैं, जो सशक्त समाज की आधारशिला हैं। (Rahul on BJP RSS)

उपराष्ट्रपति ने की RSS की तारीफ

उपराष्ट्रपति ने कहा कि 1925 में डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार की ओर से स्थापित होने के बाद से संघ ने युवाओं को मजबूत आंतरिक चरित्र निर्माण और निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया है। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के मुताबिक सेवा परमो धर्मः के आदर्श से प्रेरित स्वयंसेवकों को चाहे बाढ़, अकाल, भूकंप या अन्य किसी भी आपदा का सामना करना पड़े, वे बिना किसी अपेक्षा या आदेश की प्रतीक्षा के संगठित होकर पीड़ितों की सेवा करते हैं। यह निस्वार्थ सेवा राष्ट्र के लिए एक अद्वितीय और अमूल्य उपहार है।

उपराष्ट्रपति ने इस बात पर दिया बल 

उपराष्ट्रपति ने बल दिया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा करते हुए कभी धर्म, जाति या भाषा के आधार पर भेदभाव नहीं करता। संघ हमेशा समाज के साथ चलता है। यही वजह है कि संघ और उसके सभी संगठन सफल और निरंतर विकासशील हैं। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्व की सर्वोच्च शक्ति के रूप में स्थापित होगा। इस महान यात्रा में संघ की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है और समय के साथ उसकी यह प्रेरक भूमिका निरंतर बनी रहेगी। उपराष्ट्रपति ने संघ की निरंतर सेवा और राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और प्रगति के महान मिशन को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दी। (Rahul on BJP RSS)

Back to top button
error: Content is protected !!