छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, अगले 2 दिनों तक रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। मंगलवार देर शाम राजधानी रायपुर, भिलाई, कोरबा और रायगढ़ समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में सराफा कारोबारी के मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर फरार हुए बदमाश
कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में भारी बारिश के चलते नेशनल हाईवे-30 पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। गरियाबंद और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हुई बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं पेंड्रा क्षेत्र में आंधी के कारण बिजली गुल हो गई। गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए। मनेंद्रगढ़ के जनकपुर इलाके में बारिश का पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दक्षिणी हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ।
कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में आज एक-दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा तेज हवाएं चल सकती हैं, जो मौसम को और असरदार बना सकती हैं। (Rain Alert in Chhattisgarh)
रायपुर में दिनभर छाए रह सकते हैं बादल
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 42°C और न्यूनतम तापमान लगभग 28°C रहने का अनुमान है। राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 38°C और न्यूनतम तापमान 26°C रहने की संभावना जताई गई है। फिलहाल मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं आंधी और तेज बारिश ने कई इलाकों में परेशानी भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश
| क्षेत्र | बारिश (मिमी) |
|---|---|
| नांगुर | 30 मिलीमीटर |
| अंबिकापुर | 30 मिलीमीटर |
| केल्हारी | 30 मिलीमीटर |
| जनकपुर | 30 मिलीमीटर |
| भरतपुर | 30 मिलीमीटर |
| मनोरा | 20 मिलीमीटर |
| कापू | 20 मिलीमीटर |
| कोटाडोल | 20 मिलीमीटर |
| मुकडेगा | 20 मिलीमीटर |
| लैलूंगा | 20 मिलीमीटर |
| कुनकुरी | 10 मिलीमीटर |
| जशपुर नगर | 10 मिलीमीटर |
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| रायपुर | 38.6°C | 27.1°C |
| राजनांदगांव | 38°C | 25°C |
| दुर्ग | 37°C | 25°C |
| बिलासपुर | 36.3°C | 25.4°C |
| जगदलपुर | 35.8°C | 21.8°C |
| पेंड्रारोड | 34.2°C | 21.2°C |
| अंबिकापुर | 32.7°C | 17.5°C |



