Google Analytics —— Meta Pixel

बंगाल की खाड़ी से उठा तूफान, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है, जिसके असर से बस्तर और रायपुर संभाग के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के पांच जिलों नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जो कुछ इलाकों में 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान से मजबूत करेंगे रिश्ते, लेकिन भारत की कीमत पर नहीं: अमेरिका

वहीं कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में ऑरेंज अलर्ट और रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद, बालोद, राजनांदगांव के साथ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में बूंदाबांदी और बादल छाए रहे, जबकि रायपुर के माना में अधिकतम तापमान 33.6°C और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.5°C दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना यह अवदाब तेजी से सक्रिय हो रहा है और इसके चलते बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश होगी। (Rain Alert in Chhattisgarh)

फसलों पर पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों ने कहा कि तेज बारिश और हवाओं के चलते किसानों को भी नुकसान झेलना पड़ सकता है। खेतों में खड़ी फसलें गिर सकती हैं या खराब हो सकती हैं, जिन किसानों की फसल कट चुकी है लेकिन सुरक्षित भंडारण नहीं किया गया है, उन्हें भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कृषि मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि वे कटाई की हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खुले में रखी उपज को ढक कर रखें, ताकि बारिश से नुकसान न हो। हालांकि मानसून 15 अक्टूबर तक प्रदेश से लौट चुका था, लेकिन अक्टूबर में अब तक प्रदेश में 89.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो औसत 56.2 मिमी से करीब 59% ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक बस्तर और रायपुर संभाग में बादल, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!