CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बादल! रायपुर समेत 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, सरगुजा में झमाझम

CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मानसून का असर अब भी बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, आज से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
आज कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर तेज बौछारों के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भरने और फिसलन की स्थिति बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। (CG Weather Alert)
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद और महासमुंद में हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है।
सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश सरगुजा संभाग में दर्ज की गई। बचरा पोंडी में 14 सेमी और कुसमी में 8 सेमी बारिश हुई। वहीं, दौरा कोचली में 6 सेमी, जबकि राजपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिला मुख्यालय अंबिकापुर में भी 3 सेमी बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रुक-रुककर बारिश और फुहारों का दौर जारी रहा।
तापमान में भी बदलाव
तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और मानसून द्रोणिका प्रदेश में नमी ला रही है। इसी के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर बना हुआ है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। (CG Weather Alert)



