बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में हो रही थी रिफिलिंग, खाद्य विभाग की टीम ने मारा छापा

Raipur Food Department Action: रायपुर जिले में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर घरेलू गैस-सिलेंडरों की कालाबाजारी और उनके दुरूपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग की ओर से सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने अमन नगर मोवा के गोदाम पर छापा मारा, जहां अवैध रूप से बड़े सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग पर कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कंपनियों के 98 गैस-सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में घरेलू एलपीजी गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार जैसे हथौड़ा, पाना-पेंचिस, बीस रेगुलेटर और पीतल की तीन बांसुरी भी जब्त की गई है।
यह भी पढ़ें:- विधायक की पहल लाई रंग, राजिम में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड बनने के लिए भूमि का अधिग्रहण
मामले में गोदाम संचालक के खिलाफ द्रविकृत पेट्रोलियम आदेश 2000 के अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई भी की जा रही है। कार्रवाई को लेकर संबंध में खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि विभाग को आशोका हाईट्स अमन नगर मोवा के पास एक छोटे गोदाम में दो संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में घरेलू गैस रिफिलिंग करने की शिकायत मिली थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खाद्य निरीक्षकों के दल के साथ खाद्य नियंत्रक ने छापामार कार्रवाई की। (Raipur Food Department Action)

गोदाम में दो व्यक्तियों द्वारा 14 किलोग्राम के घरेलू गैस-सिलेंडरों में से गैस निकालकर पांच किलोग्राम के छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफलिंग करते हुए पाया गया। खाद्य विभाग के दल को मौके पर विभिन्न कंपनियों के 14 किलोग्राम क्षमता के 16 गैस-सिलेंडर और चार व्यावसायिक गैस उपयोग के एक्सपायरी सिलेंडर और पांच किलो ग्राम क्षमता के 78 सिलेंडर भी मिले। घरेलू गैस के सिलेंडरों में एचपी कंपनी के 8, इंडियन कंपनी के 4, भारत कंपनी के 4 और पांच किलो क्षमता के 78 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के दल ने रिलाइंस कंपनी के चार एक्सपायरी व्यावसायिक सिलेंडर भी जब्त किए। मौके से एक हथौड़ा, दो पाना-पेंचिस, 20 रेगुलेटर और तीन पीतल की बांसुरियों समेत कई औजार भी जब्त किए गए। (Raipur Food Department Action)



