रायपुर में नवविवाहिता ने की आत्महत्या: वीडियो में पति, देवर और सास-ससुर को ठहराया जिम्मेदार
टीवी रिमोट को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा, पुलिस ने पति और ससुर पर मामला दर्ज किया
रायपुर। राजधानी के चंगोराभाठा इलाके में 25 वर्षीय नवविवाहिता मंजूषा गोस्वामी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पति, देवर, सास और ससुर पर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े :- छट्ठी भोज बना मातम: फूड पॉइजनिंग से पांच मासूमों की मौत, दर्जनों बीमार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंजूषा की शादी इसी साल 16 जनवरी 2024 को चंगोराभाठा निवासी आशीष गोस्वामी से हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना के दिन दोनों के बीच टीवी रिमोट को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान आशीष ने पत्नी का मोबाइल फोन छीन लिया और नीचे चला गया। कुछ देर बाद हुई बहस के दौरान उसने अपने माता-पिता के सामने मंजूषा को थप्पड़ मार दिया।
अपमान और आक्रोश में मंजूषा रोते हुए अपने कमरे में चली गई। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, फिर हाथ की नस काटने के बाद साड़ी से फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने जबरन दरवाजा तोड़ा, तो मंजूषा फंदे से लटकी मिली।
वीडियो में मंजूषा कहती नजर आ रही है-
“मैं अपने जीवन से तंग आ चुकी हूं। मेरा पति, देवर, सास और ससुर मिलकर मुझे प्रताड़ित करते हैं। मेरी शादी को दस महीने हुए हैं, लेकिन मैं दस दिन भी सुकून से नहीं रह पाई। आज मेरे पति ने मुझ पर दो बार हाथ उठाया है। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरा पति, देवर और सास-ससुर हैं।”
मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति आशीष गोस्वामी और ससुर पूर्वेंद्र पूरी गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वीडियो और अन्य साक्ष्य जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



