छट्ठी भोज बना मातम: फूड पॉइजनिंग से पांच मासूमों की मौत, दर्जनों बीमार
अबूझमाड़ के गोट गांव में दर्दनाक हादसा, दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुली

Chhattisgarh News : अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत डूंगा के आश्रित गांव गोट में आयोजित छट्ठी समारोह के दौरान सामूहिक भोज एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने से पांच मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों ग्रामीण और बच्चे बीमार हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के अनुसार, गोट गांव में एक परिवार के यहां छट्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें रिश्तेदारों के साथ आसपास के ग्रामीण भी शामिल हुए थे। भोज का खाना खाने के कुछ घंटों बाद ही लोगों में उल्टी, दस्त, चक्कर और बेहोशी जैसे लक्षण दिखने लगे। धीरे-धीरे स्थिति गंभीर होती गई और कई लोगों की हालत बिगड़ गई।
दुर्गम इलाका होने के कारण बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें आईं। जब तक स्वास्थ्य अमला मौके पर पहुंचा, तब तक पांच बच्चों की जान जा चुकी थी। कई अन्य लोगों का इलाज जारी है और कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गए। नारायणपुर जिला अस्पताल और भैरमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टरों की टीम तुरंत गांव रवाना की गई। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बताया कि स्वास्थ्य अमला मौके पर मौजूद है और मरीजों का उपचार युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
प्रशासन ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग का कारण भोज का दूषित भोजन माना है। भोजन के सैंपल लेकर जांच के लिए फूड लैब भेजे जा रहे हैं, ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
गांव में मातम का माहौल है। स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही है और दवाइयां वितरित की जा रही हैं। कलेक्टर ने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (Chhattisgarh News)
यह घटना न केवल प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल उठाती है, बल्कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को भी उजागर करती है।(Chhattisgarh News)



