बिलासपुर रेलवे जोन में बॉक्सिंग रिंग बनी शराब पार्टी का अड्डा, हाईकोर्ट ने छुट्टी के दिन की सुनवाई; GM से मांगा शपथ पत्र

Liquor Party in Boxing Ring: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने खेल की पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यानी SECR जोन के बॉक्सिंग रिंग जिसे खिलाड़ी अपने मंदिर के समान मानते हैं, उसमें शराब और चिकन पार्टी का आयोजन किया गया। यह पार्टी किसी और ने नहीं, बल्कि खुद रेलवे के स्पोर्ट्स ऑफिसर और कोचों ने मिलकर की थी। मामला SECR जोन के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्रीकांत पहाड़ी से जुड़ा है, जिन्होंने अपने जन्मदिन का जश्न बॉक्सिंग रिंग में मनाया। पार्टी में कोच देवेंद्र यादव समेत कई कोच और खिलाड़ी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इसके लिए किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी।
यह भी पढ़ें:- इंस्टाग्राम पर रील बनाने पर पत्नी की हत्या, जादू-टोना के शक में भतीजे ने ली बुआ की जान
खिलाड़ियों ने कहा कि जिस रिंग को हम मंदिर की तरह मानते हैं, वहां अफसरों ने शराब की बोतलें सजा दीं। खिलाड़ियों के प्रैक्टिस मेट को सेंटर टेबल बना दिया गया, जिस पर शराब की बोतलें और चखना रखा गया था। चारों तरफ कुर्सियां लगाई गईं और घंटों तक जश्न चलता रहा। पार्टी के दौरान खींची गई तस्वीरें जब सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो हड़कंप मच गया। तस्वीरों में अधिकारी हाथ में शराब की बोतल और गिलास लिए नजर आ रहे हैं। यही नहीं खिलाड़ियों के मेट पर मछली और चिकन रखे हुए दिखाई दिए।

मामला सामने आने के बाद बिलासपुर हाईकोर्ट ने इसे जनहित याचिका के रूप में स्वीकार कर लिया और 23 अक्टूबर को छुट्टी के दिन भी कोर्ट ने विशेष सुनवाई की। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बी.डी. गुरु की डिवीजन बेंच ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से पूछा कि इस शर्मनाक घटना के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई की गई। कोर्ट ने शपथ पत्र समेत विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि यह फोटो करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है। इसकी जांच कराई जाएगी। पब्लिक प्लेस में बर्थडे मनाना अपराध है और बॉक्सिंग रिंग रेलवे के नियंत्रण में आने वाला सार्वजनिक क्षेत्र है। अगर गलती पाई गई तो संबंधित अधिकारियों को चेतावनी या परामर्श पत्र जारी किया जाएगा। यह घटना न सिर्फ रेलवे प्रशासन की छवि पर सवाल उठाती है, बल्कि खेल संस्कृति की मर्यादा पर भी गहरी चोट करती है।




