Raipur News : बैदनाथ स्टील प्लांट की जनसुनवाई स्थगित करने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Baidnath Steel Plant : रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम चाम्पा में प्रस्तावित बैदनाथ स्टील प्लांट की जनसुनवाई स्थगित करने की मांग को लेकर रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हिमांशु दीक्षित के नेतृत्व में जागरूक युवाओं ने तिल्दा पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्लांट की जनसुनवाई 3 दिसंबर को आयोजित होनी है, लेकिन पर्यावरणीय मुद्दों के चलते इसका विरोध तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग के 71 इंजीनियर्स का ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट
हिमांशु दीक्षित ने आरोप लगाया कि प्लांट प्रबंधन ने सैकड़ों पेड़ काट दिए हैं, जिसके लिए वन विभाग से एनओसी नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि उद्योगिक नियमों के अनुसार, एक पेड़ काटने पर पांच पेड़ लगाने का प्रावधान है, जिसे प्लांट प्रबंधन ने नजरअंदाज किया है। इससे क्षेत्र का जल स्तर तेजी से गिर रहा है और पर्यावरण असंतुलित हो रहा है।
दीक्षित ने मांग की कि पहले प्लांट प्रबंधन 5,000 पेड़ लगाए, तभी जनसुनवाई की अनुमति दी जाए। उन्होंने बताया कि 2 दिसंबर को रायपुर कलेक्टर से मिलकर इस मामले में विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों ने भी प्लांट के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया है।
पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में स्थानीय जनमानस का समर्थन बढ़ रहा है, और जनसुनवाई स्थगित करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। (Baidnath Steel Plant)



