राजधानी रायपुर में स्काई-वॉक का निर्माण होगा पूरा, साय सरकार ने मंजूर किए 37 करोड़ रुपए

Raipur Skywalk Construction: राजधानी रायपुर में स्काई-वॉक का निर्माण फिर से शुरू होगा। अधूरे पड़े प्रोजेक्ट के लिए PWD ने राशि मंजूर कर दी है। करीब 8 साल से अधूरे खड़े ढांचे को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग यानी PWD ने टेंडर प्रक्रिया जारी की थी, जिसके लिए अब 37 करोड़ 75 लाख रुपए की मंजूरी मिल गई है। करीब डेढ़ किमी के स्काई वॉक में 12 जगह उतरने और चढ़ने के लिए ऐस्कलेटर लगेंगे। इसी के पास सीढ़ियां भी बनाई जाएंगी। वहीं दो जगहों पर अलग से सीढ़ियां बनेंगी।
यह भी पढ़ें:- Husband Kills Wife : शादी के छह महीने बाद पत्नी की हत्या, फिर पति ने की आत्महत्या, गांव में मचा हड़कंप

लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक रायपुर के PSS कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को यह काम सौंपा गया है। यह प्रोजेक्ट कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अधूरा रह गया था, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद और राजनीतिक तकरार बनी हुई थी। अब साय सरकार ने इसे दोबारा शुरू करने की घोषणा के साथ बजट स्वीकृति दे दी है। प्रोजेक्ट की कुल लागत 37 करोड़ 75 लाख 70 हजार 682 रुपए बताई गई है, जो पिछले अनुमानित लागत का 20.17% ज्यादा है। इस बार काम की गुणवत्ता, डिजाइन और पर्यावरणीय मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी विभाग ने दिए हैं। प्रशासनिक स्वीकृति के तहत काम जल्द शुरू करने के साथ ही समय पर पूरा करने को भी कहा गया है। (Raipur Skywalk Construction)
रमन सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था निर्माण
दरअसल, तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर शास्त्री चौक पर पैदल चलने वाले यात्रियों की गणना की गई थी। उस समय अक्टूबर-2016 में पाया गया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय चौक पर 14 हजार और शास्त्री चौक पर 27 हजार पैदल चलने वाले यात्री निकलते हैं। इसके बाद स्काई-वॉक प्रोजेक्ट 2017 में शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौक और जयस्तंभ चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में पैदल यात्रियों को ट्रैफिक से राहत दिलाने का था। साथ ही शहर को एक मॉडर्न लुक देने की तैयारी थी, लेकिन निर्माण के दौरान कई तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों के चलते यह प्रोजेक्ट रुक गया। (Raipur Skywalk Construction)
कांग्रेस सरकार ने नहीं दिया ध्यान
मई-2019 में दोबारा गणना के दौरान डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय चौक पर पैदल निकलने वाले यात्रियों की संख्या 25 हजार 095 और शास्त्री चौक पर 35 हजार 920 थी, जो कि पहले की गणना से चलने वाले यात्रियों की संख्या से ज्यादा थी। राज्य में पूर्ववर्ती सरकार की ओर से अधूरे स्काई-वॉक के संबंध में सुझाव समिति का गठन किया गया था। सुझाव समिति ने भी यह सुझाव दिया था कि स्काई-वॉक का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। स्काई वॉक बनने से अंबेडकर अस्पताल के मरीज ट्रैफिक में फंसे बिना डीकेएस अस्पताल पहुंच सकेंगे। इसके लिए दोनों अस्पतालों को जोड़ने वाली जगह पर लिफ्ट लगाई जाएगी। स्काई वॉक का एक हिस्सा डीकेएस अस्पताल परिसर में उतरता है। (Raipur Skywalk Construction)
कई हिस्सों में गर्डर तक का काम पूरा
वहीं स्काई-वॉक में शास्त्री चौक वाले हिस्से पर रोटरी बनेगी, जहां किसी भी हिस्से में लोग चढ़ और उतर सकेंगे। कई हिस्सों में गर्डर तक काम हो चुका है। इसके ऊपर फ्लोरिंग कर आरसीसी स्लैब डाला जाएगा। स्लैब के ऊपर टाइल्स और दोनों किनारों पर स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। बारिश और धूप से बचाने के लिए ऊपरी हिस्से में पॉली और कार्बोनेट शीट लगाई जाएगी। इससे आस-पास सरकारी दफ्तरों में आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। 7 साल पहले कराए गए सर्वे में बताया गया था कि शास्त्री चौक के चारों ओर रोजाना औसतन 40 हजार से ज्यादा लोग पैदल सफर करते हैं। (Raipur Skywalk Construction)
कई जगहों पर डिवाइडर रेलिंग चोरी
राजधानी में 8 साल से अधूरे पड़े स्काई-वॉक में कई जगह के सामान चोरी हो गए हैं। जय स्तंभ चौक पर स्थित मल्टी-लेवल पार्किंग से शास्त्री चौक और अंबेडकर अस्पताल के गेट तक स्काई वॉक का स्ट्रक्चर तैयार है। PWD के अफसरों की जांच में पता चला है कि स्काई-वॉक के कई जगहों से ACP शीट, एल्यूमीनियम फ्रेम और डिवाइडर रेलिंग चोरी हो गए हैं। हालांकि ब्रिज में लगे स्टील और नट बोल्ट सही हैं। वेल्डिंग, पेंटिंग, फ्लोरिंग, हुड और फ्लोरिंग फिक्सिंग का काम अधूरा है। खुले में होने की वजह से बारिश और गर्मी के कारण कई हिस्से में जंग भी लग गई है। अब देखना होगा कि स्काई-वॉक कब तक पूरी तरह बनकर तैयार होता है। (Raipur Skywalk Construction)



