Google Analytics —— Meta Pixel

राजस्थान में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई सड़क निर्माण मशीन, करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत

Rajasthan Electric Shock Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क बना रहे मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक छापोली गांव में सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे सड़क निर्माण के दौरान रोड़ी-बजरी मिलाने के काम में इस्तेमाल होने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में CHO का आंदोलन: 5 नवंबर को स्वास्थ्य भवन का करेंगे घेराव, 7-8 महीने की बकाया प्रोत्साहन राशि पर नाराजगी

बताया जा रहा है कि बिजली का तार मशीन के हाइड्रोलिक जैक से टकरा गया, जिसके बाद पूरी मशीन में करंट फैल गया। इस दौरान वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग झुलस गए। उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से मशीन में करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में मौके पर मौजूद मजदूर आ गए। इस हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों में चार मजदूर हालेड़ा मंडावरा गांव के रहने वाले थे, जबकि चार छापोली गांव के निवासी थे। हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) की मौत हुई है। ये चारों एक ही परिवार के थे। (Rajasthan Electric Shock Accident)

पांच लोग झुलसे, अस्पताल में चल रहा इलाज

वहीं छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) ने भी हादसे में जान गंवा दी। एक साथ आठ लोगों की मौत से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। हादसे में पांच लोग झुलसकर घायल हुए हैं। इनमें छापोली निवासी महेंद्र सैनी, गीता देवी (45), संतरा देवी (35), गिदाराम सैनी (45) और मंजू देवी (38) शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए उदयपुरवाटी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बिजली के खंभे और हाईटेंशन लाइन के तार पेड़ों के संपर्क में आ रहे हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के दौरान बिजली लाइन बंद कराने के लिए फोन भी किया गया था, लेकिन ग्रिड सबस्टेशन में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

CM भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, जांच के निर्देश

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती या निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। (Rajasthan Electric Shock Accident)

पूर्व CM अशोक गहलोत ने उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि सड़क निर्माण के दौरान यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। गहलोत ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके दुख की कल्पना करना भी मुश्किल है। ऐसे में सरकार को प्रभावित परिवारों की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने भी हादसे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह राजनीति करने का मुद्दा नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का वक्त है। उन्होंने मांग की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। गुढ़ा ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था होनी चाहिए और जिला कलेक्टर को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता का आश्वासन देना चाहिए। (Rajasthan Electric Shock Accident)

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने 7 घंटे बाद शाम 5 बजे मुआवजा और संविदा पर नौकरी के आश्वासन के बाद धरना खत्म कर दिया। फिलहाल हादसे ने सड़क निर्माण कार्यों के दौरान बिजली लाइनों से सुरक्षा, निर्माण स्थल पर सावधानियों और बिजली विभाग की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आठ मजदूरों की मौत के बाद अब ग्रामीणों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के साथ प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। झुंझुनूं का यह हादसा कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। आखिर सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन से सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए? बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों में कितनी सच्चाई है और आठ मजदूरों की मौत का जिम्मेदार कौन है? 

Back to top button
error: Content is protected !!