नक्सलवाद के खात्मे पर सियासत तेज, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शाह को लिखा पत्र, UPA सरकार पर लगाए आरोप

Raman Singh Wrote Letter: छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर देश को नक्सलवाद से मुक्ति दिलाने पर आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हर असंभव कार्य को संभव करने वाले साध्य पुरुष गृहमंत्री अमित शाह ने भारत माता को नक्सलवाद की पीड़ा से मुक्ति दिलाकर राष्ट्र की सुरक्षा को चारों ओर से सुदृढ़ करने का अद्भुत कार्य किया है। अमित शाह को पत्र लिखकर भारत से नक्सलवाद की मुक्ति पर उनका आभार प्रकट किया। अब छत्तीसगढ़ समेत पूरा देश नक्सलवाद जैसी लोकतंत्र विरोधी विचारधारा से मुक्त होकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की नव बयार से जुड़ेगा। रमन सिंह ने शाह की तुलना सरदार वल्लभभाई पटेल से करते हुए कहा कि उनके बाद सबसे मजबूत गृहमंत्री अमित शाह हैं।
यह भी पढ़ें:- ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ से चमकेगा बस्तर: मुख्यमंत्री साय
डॉ. रमन ने अपने लिखे पत्र में कहा कि 31 मार्च 2026 का यह ऐतिहासिक दिन राष्ट्र के लिए एक नई आशा और नई सुबह लेकर आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और आपके दृढ़ संकल्प से दशकों से नक्सलवाद के कष्ट झेल रही भारत भूमि अब अलोकतांत्रिक विचारधारा से पूरी तरह मुक्त हुई है। संविधान विरोधी शक्तियों ने दशकों से भारत भूमि को भीतर से चोट पहुंचाई है। माओ और लेनिन जैसी लोकतंत्र विरोधी विचारधारा ने नक्सलबाड़ी से लेकर बस्तर तक हजारों निर्दोष लोगों को अपना शिकार बनाया, विकास को बाधित कर आदिवासियों को मुख्यधारा से अलग करने का काम किया और इसका परिणाम हमनें छत्तीसगढ़ की धरती पर देखा है।



उन्होंने कहा कि जिस छत्तीसगढ़ में धान का कटोरा बनने का सामर्थ्य था, उसे भुखमरी और पलायन के दौर से गुजरना पड़ा। इस परिस्थिति के लिए जितनी जिम्मेदार नक्सलवाद की विचारधारा थी, उतनी ही जिम्मेदार तत्कालीन केंद्र सरकार भी रही। मुझे याद है जब मैं मुख्यमंत्री के रूप में राष्ट्रीय स्तर की बैठकों में जाया करता था, तब यूपीए सरकार के मंत्री नक्सलवाद को राज्य की समस्या मानकर स्वयं को किनारे कर लेते थे। हालांकि बाद में UPA सरकार के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह ने स्पष्ट रूप से यह माना कि नक्सलवाद किसी राज्य की समस्या नहीं, बल्कि राष्ट्र की समस्या है और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। वो इसे समस्या तो मानते थे, लेकिन समाधान नहीं करते थे। (Raman Singh Wrote Letter)
पत्र में महेंद्र कर्मा का किया जिक्र
रमन सिंह ने आगे लिखा- छत्तीसगढ़ से जब सलवा जुडूम के तौर पर एक स्वफूर्त आंदोलन उठा, तब महेंद्र कर्मा जैसे बस्तर के कांग्रेसी नेताओं ने भी नक्सलवाद का पुरजोर विरोध किया, लेकिन उस दौर की केंद्र सरकार ने कभी खुलकर उनका समर्थन नहीं किया। मैं मानता हूं कि अगर उस कालखंड में देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिला होता और गृहमंत्री के रूप में आपका सहयोग प्राप्त होता तो नक्सलवाद मुक्त भारत के लक्ष्य को हम तब ही पूरा कर लेते, लेकिन देर से ही सही पर जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभाला, उसी दिन से नक्सलवाद के समूल नाश की योजना शुरू हुई और जब 2019 में आप केंद्रीय गृहमंत्री के तौर पर सामने आए, तब हम छत्तीसगढ़वासियों का यह विश्वास दृढ़ हो गया कि अब सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरा देश नक्सलवाद के दंश से मुक्त होगा।
धारा 370 को लेकर कही ये बात
रमन ने कहा कि 24 अगस्त 2024 को जब आपने देश से नक्सलवाद के समूल नाश की घोषणा की, तब मेरे मन में एक बार यह विचार आया कि इतने कम समय में दशकों की समस्या का समाधान कैसे होगा, कहीं आपने इस घोषणा में जल्दबाजी तो नहीं कर दी है, लेकिन जब मैंने पीछे पलटकर 5 अगस्त 2019 का वह दिन याद किया जब आपने आजादी के बाद से चली आ रही कश्मीर में धारा 370 की समस्या का किस प्रकार समाधान किया था तो मेरा विश्वास और दृढ़ हो गया कि अगर देश से नक्सलवाद कोई समाप्त कर सकता है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिर्फ आप ही कर सकते हैं। आज आपके संकल्प से जब देश से नक्सलवाद समापन का लक्ष्य पूरा हो रहा है, तब मैं विशेष रूप से यह कहना चाहता हूं कि इस लक्ष्य की पूर्ति आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रबल रणनीति और संपूर्ण सहयोग के बिना कभी संभव नहीं हो सकती थी। (Raman Singh Wrote Letter)
सरदार वल्लभ भाई पटेल से तुलना
उन्होंने कहा कि आज मैं पूरे जिम्मेदारी के साथ यह बात लिख रहा हूं कि आजादी के नाद 562 रियासतों का भारत में विलय कराने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के बाद अगर देश को कोई सबसे मजबूत गृहमंत्री मिला है तो वह आप “साध्य पुरुष” हैं। जिन्होंने राष्ट्रहित में हर असंभव कार्य को संभव किया है, सदियों के बाद जब भारत के इतिहास का उल्लेख होगा तब देश को आंतरिक रूप से सुरक्षित करने में आपके योगदान को स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया जाएगा। अब जब बस्तर में नक्सलवाद खत्म हो चुका है, यहां विकास का नया दौर शुरू होगा। हमारे आदिवासी भाई-बहनों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और युवा वर्ग को शिक्षा-कौशल विकास के जरिए आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
3 करोड़ जनता की तरफ से आपका आभार
रमन सिंह ने कहा कि अब बस्तर के लोग आत्मनिर्भर बनकर सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगे और क्षेत्र तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को प्रणाम करते हुए आपके योगदान, आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के नव आरंभ पर हृदय से शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं और छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की तरफ से आपका आभार व्यक्त करता हूं कि आपने हमारे छत्तीसगढ़ को न सिर्फ नक्सलवाद से मुक्ति दिलाई है बल्कि अब विकास की ओर एक नव दिशा में आगे बढ़ने में मार्ग प्रशस्त किया है।



