छत्तीसगढ़ से रामलला दर्शन के लिए 850 श्रद्धालु हुए रवाना, जय सियाराम से गूंजा रेलवे स्टेशन

Ramlala Darshan Yojana: अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भांचा राम के दर्शन के लिए अयोध्या धाम ले जाने रामलला दर्शन योजना की शुरुआत की। इस योजना के अंतर्गत दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग के 850 यात्री दुर्ग स्टेशन से रवाना हुए। छत्तीसगढ़ के भांचा राम जय सियाराम जय सियाराम की सुमधुर ध्वनि से पूरा दुर्ग स्टेशन गुंजायमान हो गया। तीर्थयात्रियों ने रामलला दर्शन योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन की बहुत अच्छी योजना है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कम नहीं हो रही रेल यात्रियों की समस्या, रेलवे ने 14 ट्रेनों को फिर किया रद्द
हम सब इस दिव्य क्षण की बरसों से प्रतीक्षा कर रहे थे। यह इंतजार पूरा हुआ। ननिहाल वासियों को अपने भांजे के दर्शन का अवसर सुलभ हुआ है। हम रामलला से छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व रायपुर और बिलासपुर संभाग के यात्री भी अयोध्याधााम के दर्शन कर चुके है। लोकसभा चुनाव में लगी आचार संहिता के उपरांत तीर्थयात्रा का फिर शुभारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अयोध्या धाम जा रहे तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी है।
दुर्ग रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नं. 1 से इस स्पेशल ट्रेन को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और विधायक सर्व डोमनलाल कोरसेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेन्द्र यादव व रिकेश सेन ने हरी झण्डी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। तीर्थयात्रा में शामिल श्रद्धालुजन काफी उत्साहित थे। प्लेटफार्म नं. 1 पर राम-लक्ष्मण और हनुमान जी की झांकी और पंथी नृतक दलों की करतल ध्वनि के साथ छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय सियाराम-जय सियाराम की ध्वनि गुंजायमान हो रही थी। (Ramlala Darshan Yojana)

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। आप सभी रामलला के दर्शन हेतु अयोध्या धाम जा रहे हैं। सभी श्रद्धालुगण छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भगवान राम से आशीर्वाद लेकर आएंगे। उन्होंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और गारंटी को छत्तीसगढ़ की साय सरकार सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय वाक्य के साथ पूरा करने जा रही है। (Ramlala Darshan Yojana)
श्रद्धालु ने CM साय का जताया आभार
उपमुख्यमंत्री और दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या धाम में रामलला का मंदिर बना है। केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति से यह कार्य हुआ है। वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम के प्रति वनवासियों में अगाध श्रद्धा भाव है। इससे पूर्व अतिथियों ने तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनके कुशल क्षेम पूछा और ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई। पहली बार अयोध्या धाम की यात्रा कर रहे बालोद जिले के 77 साल जय वास्तव और 70 साल जामुल बाई ने मुख्यमंत्री साय के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया। (Ramlala Darshan Yojana)
कवर्धा से सकुन बाई हुईं रवाना
उन्होंने कहा कि हमारी आस अयोध्या धाम देखने में लगी थी। मुख्यमंत्री साय ने यह अच्छी योजना लाकर हमारी सपने को साकार कर दिया। राजनांदगांव जिले के 55 साल दौलत साहू ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने का आनंद और भी अनूठा है क्योंकि सारे यात्री भगवान राम के असीम भक्त हैं और पूरी ट्रेन उत्साह में है। कवर्धा से सकुन बाई ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के प्रति बहुत आभार व्यक्त करती हूं। भगवान राम का दर्शन बहुत सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर, IG आर.जी. गर्ग, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, एसपी जितेन्द्र शुक्ला और अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद थे। (Ramlala Darshan Yojana)



