जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 3 आतंकियों को किया ढेर
Encounter in Doda: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के गंडोह इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें सुबह 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और सेना के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया। मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का एक जवान घायल हुआ है, जिसका नाम आशिक हुसैन है, जिसे इलाज के लिए डोडा के सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ से रामलला दर्शन के लिए 850 श्रद्धालु हुए रवाना, जय सियाराम से गूंजा रेलवे स्टेशन
डॉक्टरों के मुताबिक जवान के दाहिने पैर में गोली लगी है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि 11 और 12 जून को डोडा में 2 आतंकी हमला हुआ था। इसके बाद से सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इस बीच सुबह आतंकियों के सिनू पंचायत के गांव में छिपे होने की सूचना मिली, जहां पहुंचने पर मिट्टी से बने घर में छिपे आतंकियों ने टीम पर गोलीबारी की, जिसका जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरे इलाके पर ड्रोन और हेलीकॉप्टर से नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक राजौरी जिले के चिंगस इलाके के पिंड गांव से 25 जून को चीनी ग्रेनेड बरामद किया गया था। (Encounter in Doda)
आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनका सफाया किया जा रहा है। इससे बौखलाए आतंकी हमला कर रहे हैं। 11 जून को चत्तरगल्ला में सेना और पुलिस की चौकी पर आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें 6 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद 12 जून को गंडोह के कोटा टॉप पर मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। इस इलाके में घुसपैठ करने वाले 4 आतंकियों के लिए सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। सभी आतंकियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में 22 जून को 2 आतंकी मारे गए थे। इसी तरह 19 जून को बारामूला के हादीपोरा में दो आतंकी मारे गए थे। जबकि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का एक जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। (Encounter in Doda)



