आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों ने की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ, सरबोरी गुहा ने कहा- पूरे पाकिस्तान को खत्म कर देना चाहिए

Reaction to Operation Sindoor: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संतुष्टि जताई है। पर्यटकों को बचाने की कोशिश करते हुए मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह के पिता हैदर शाह ने कहा कि आज सेना ने 26 मारे गए लोगों का बदला लिया है, उससे हम खुश हैं। हम सरकार का धन्यवाद करते हैं, फौज और सरकार ने बदला लिया। सैयद आदिल के भाई सैयद नौशाद ने कहा कि मैं हमारे सुरक्षाबलों, प्रधानमंत्री मोदी, केंद्र सरकार और राज्य सरकार को इतना अच्छा कदम उठाने के लिए धन्यवाद देता हूं। उन्होंने उन निर्दोष लोगों की मौत का बदला लिया है। हमें अपनी सरकार पर गर्व है, हमें उन पर भरोसा था।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान पर हमले को लेकर भारत में लोगों ने जताई खुशी, राजस्थान में फोड़े पटाखे, भारत माता की जय के लगाए नारे
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए विनय नरवाल की मां आशा ने ने कहा कि ये बहुत ही अच्छी बात है कि जो पीएम मोदी ने बदला लिया है मैं उनके साथ हूं, जनता और हमारा पूरा परिवार उनके साथ है…सेना के जवानों को मैं संदेश देना चाहती हूं कि वो आगे बढ़ते रहें और ऐसे ही बदला लेते रहें कि ऐसी घटना दोबारा न घटे। आतंकी हमले में मारे गए संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति जगदाले ने कहा कि इसके लिए मैं आभार व्यक्त करती हूं, क्योंकि पीएम मोदी ने पाकिस्तान को ये दिखा दिया कि हम भी चुप बैठने वालों में से नहीं है। प्रगति जगदाले ने कहा कि आतंकवादियों ने जिस तरह हमारी बेटियों के सिंदूर मिटाए, उसके बाद यह करारा जवाब है। इस ऑपरेशन का नाम सुनते ही मेरी आंखों में आंसू आ गए। मैं सरकार का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं। (Reaction to Operation Sindoor)
कौस्तुभ की पत्नी ने कार्रवाई को बताया सही
आतंकी हमले में मारे गए कौस्तुभ गणबोटे की पत्नी संगीता गणबोटे ने कहा कि इन्होंने जो कार्रवाई की है वो एकदम सही किया है और ऑपरेशन का नाम सिंदूर देकर महिलाओं को सम्मान भी दिया है। कौस्तुभ गणबोटे के बेटे कुणाल गणबोटे ने कहा कि हमने जो प्रतिशोध लिया है ये एकदम सही है और ये होना ही चाहिए था। हम सभी इसी चीज की प्रतीक्षा कर रहे थे हम भारत सरकार से बहुत उम्मीद लगकर बैठे थे तो ये बिल्कुस सही किया। इन्होंने ऑपरेशन का नाम भी बिल्कुल सही दिया है ‘सिंदूर’ नाम देकर पीएम मोदी ने सभी महिलाओं को सम्मान दिया है। आतंकी हमले में मारे गए संतोष जगदाले की बेटी असावरी जगदाले ने कहा कि ऑपरेशन का नाम सुनकर मैं बहुत रोई। यह आतंकवादियों द्वारा मारे गए लोगों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। (Reaction to Operation Sindoor)
शुभम द्विवेदी की पत्नी ने PM को कहा धन्यवाद
आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मेरे पति की मौत का बदला लिया और जिस तरह से पाकिस्तान को जवाब दिया, उसने हमारा भरोसा कायम रखा है। यह मेरे पति को सच्ची श्रद्धांजलि है। शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि मैं लगातार खबरें देख रहा हूं। मैं भारतीय सेना को सलाम करता हूं और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने देश की जनता का दर्द समझा। जिस तरह से भारतीय सेना ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद को खत्म किया है, उसके लिए मैं हमारी सेना को धन्यवाद देता हूं। जब से हमने यह खबर सुनी है, मेरा पूरा परिवार हल्का महसूस कर रहा है। (Reaction to Operation Sindoor)
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता ने कार्रवाई को बताया बिल्कुल सही
आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने कहा कि भारत सरकार ने जो कदम उठाया है, वो बिल्कुल सही है। उनके 9 ठिकानों पर कड़ा प्रहार किया गया है, यह सदैव उनके जहन में गूंजता रहेगा…’ऑपरेशन सिंदूर’ इसका एकदम सटीक नाम रखा गया है। पहलगाम आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले कर्नाटक के मंजूनाथ राव के रिश्तेदार रवि किरण ने कहा कि हम इस जवाबी कार्रवाई से रोमांचित हैं। ‘सिंदूर’ नाम से ही हम रोमांचित हो गए। पहलगाम में 26 लोग मारे गए। यह सभी पहलगाम पीड़ितों के लिए श्रद्धांजलि है। मंजूनाथ राव की मां सुमति ने कहा कि मेरे बेटे का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। हमें उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री मोदी उचित कार्रवाई करेंगे और उन्होंने ऐसा किया। (Reaction to Operation Sindoor)
पूरे पाकिस्तान को खत्म कर देना चाहिए: सरबोरी गुहा
आतंकी हमले में मारे गए भारत भूषण के भाई प्रीतम ने कहा कि हम सरकार के फैसले का पूरी तरह समर्थन करते हैं, क्योंकि आतंकी संगठनों को निशाना बनाया गया है। उनके पिता चन्नवीरप्पा ने कहा कि मेरे बेटे का शव लाने के बाद मैंने सोचा था कि पीएम मोदी इन आतंकी हमलों को नियंत्रित करने के लिए कुछ कदम उठाएंगे और निश्चित रूप से भारत सरकार ने ऐसा किया है। उन्होंने अच्छे फैसले लिए हैं। पहलगाम हमले में मारे गए समीर गुहा की पत्नी सरबोरी गुहा ने कहा कि ऐसा तो होना ही था। पूरे पाकिस्तान को खत्म कर देना चाहिए, अन्यथा ऐसी घटनाएं फिर होंगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं सेनाओं और प्रधानमंत्री मोदी का साधुवाद करती हूं कि उनकी निर्णायक शक्ति ने देश के 140 करोड़ भारतीयों को सम्मान दिलाया। पूरे भारत में एक संतोष की अनुभूति महसूस की जा रही है कि अगर कोई भारत को किसी भी तरह से छेड़ने की कोशिश करेगा तो हमारी सेनाएं और सरकार उसको छोड़ेगी नहीं। (Reaction to Operation Sindoor)



