Badrinath Avalanche : बद्रीनाथ से राहत भरी खबर, 57 मजदूरों में से 32 बचाए गए, 25 की तलाश जारी, युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी
Badrinath Avalanche : पहाड़ों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारी बारिश और बर्फबारी अपने साथ तबाही लेकर आई है। उत्तराखंड के चमोली जिले के बद्रीनाथ क्षेत्र में शुक्रवार, 28 फरवरी को भारी हिमस्खलन हुआ। बद्रीनाथ धाम के करीब माणा गांव के पास एक ग्लेशियर टूटने से हादसा हुआ, जिससे 57 मजदूर बर्फ के बड़े-बड़े टुकड़ों के नीचे दब गए। घटना के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस बीच बद्रीनाथ से राहत भरी खबर आई है। बद्रीनाथ माणा एवलांच में फंसे 57 में 32 मजदूर सुरक्षित निकाला लिए गए हैं।
32 मजदूर सुरक्षित निकाले गए
चमोली हिमस्खलन पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया, शाम 5:00 बजे तक 32 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। बाकी 25 लोगों को निकालने की प्रक्रिया जारी है। चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से 6 किलोमीटर आगे हिमस्खलन में फंसे लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यह भी पढ़े :- PF Interest Rate 2024-25: EPFO का ब्याज दर पर आया फैसला, सरकार ने नहीं घटाई ब्याज दरें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चमोली जिले में हुए हिमस्खलन को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी समेत डीजी आईटीबीपी और डीजी एनडीआरएफ से बात की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमस्खलन पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सीएम धामी ने पुष्टि की कि प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), बीआरओ और अन्य बचाव दल तैनात किए गए हैं। खराब मौसम और लगातार बर्फवारी के कारण मौके पर बचाव एवं राहत कार्य चलाने में मुश्किलें आ रही हैं। हांलांकि, घटना में अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। (Badrinath Avalanche)
बदरीनाथ से करीब तीन किलोमीटर दूर माणा भारत तिब्बत सीमा पर बसा आखिरी गांव है जो 3200 मीटर की उंचाई पर स्थित है। हादसा स्थल हिमस्खलन की दृष्टि से शीतकाल में खतरनाक माना जाता रहा है इसलिए पूर्व में इस कैंप से लोगों को हटाकर बदरीनाथ में रखा जाता था। माणा के गांव प्रधान पिताम्बर सिंह ने पीटीआई को बताया कि इस बार बर्फ नही गिरने से कैंप बंद नहीं किया गया था और आज मजदूर हादसे की चपेट में आ गए। बद्रीनाथधाम, नर और नारायण पर्वत की तलहटी पर बसा है जिसके बीचोंबीच अलकनंदा नदी प्रवाहित होती है।हादसा नर पर्वत से आए हिमस्खलन के कारण हुआ। (Badrinath Avalanche)
कई इलाकों में हो रही है 24 घंटों से बर्फबारी
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बीते 24 घंटों से बर्फबारी हो रही है. जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है. केदारनाथ धाम, त्रियुगीनारायण, तुंगनाथ, चोपता सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग समेत अन्य जिलों में बारिश और बर्फबारी की स्थिति अभी बनी रहेगी।




