छत्तीसगढ़ की सड़कें फिर हुई ‘खून से लाल’, अलग-अलग जिले में हुए हादसे में 13 लोगों की मौत

Road Accident in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की सड़कें फिर खून से रंगी है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई है। पहला मामला राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद इलाके का है, जहां XUV और ट्रक के बीच आमने-सामने भिड़ंत हुई, जिसमें कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कार तेज रफ्तार में आरंग की ओर जा रही थी। इसी बीच XUV अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और आरंग की ओर से आ रही ट्रक से टकरा गई।
यह भी पढ़ें:- भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार कार और ट्रक में हुई जोरदार भिड़ंत, मौके पर ही 5 लोगों की मौत
सभी मृतक रायपुर के उरला के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद हसनेन, मोहम्मद मिराज खान, किताबुद्दीन और अमजद खान के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरा मामला नारायणपुर का है, जहां ट्रैक्टर पलटने से अबूझमाड़ के 4 लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, कोड़ोंली ग्राम पंचायत के करीब 25 ग्रामीण अबूझमाड़ के ओरछा से PDS राशन लेकर ट्रैक्टर में सवार होकर 50 किलोमीटर दूर अपने गांव मडोनार जा रहे थे। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। (Road Accident in Chhattisgarh)
दुधमुंहे बच्चे का टूटा हाथ
ट्रॉली पलटने से ग्रामीण नीचे दब गए। इस दौरान एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 16 लोग घायल हो गए, जिन्हें छोटेडोंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा दिया गया, जहां इलाज के दौरान एक और महिला की मौत हो गई। डॉक्टर विनोद बॉयर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल 9 लोगों को लाया गया था, जिसमें एक की मौत इलाज के दौरान हो गई है। वहीं 3 लोगों की हालत काफी गंभीर है, जिन्हें बाहर रेफर किया जा रहा है। घायलों में एक दुधमुंहा बच्चा भी शामिल है, जिसका हाथ टूट गया है। (Road Accident in Chhattisgarh)
बाइक सवार दंपति की मौत
तीसरा मामला रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलयारी इलाके का है, जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक संतोष साहू अपनी पत्नी ललिता साहू के साथ वैवाहिक कार्यक्रम से वापस घर जा रहे थे, तभी मलोद के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जो करीब 5 घंटे तक चला। चौथा मामला राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक शख्स को कार सवार ने टक्कर मार दी। (Road Accident in Chhattisgarh)
बालोद में नाबालिग की मौत
हादसे में बुढ़ापारा के रहने वाले मनोज पंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। 5वां मामला बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र का है, जहां के फागुनदाह गांव में पिकअप ने स्कूटी सवार नाबालिग को ठोकर मार दी। हादसे में 16 साल की नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। लड़की सत्संग सुनकर वापस घर लौट रही थी। इसी बीच हादसे का शिकार हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर, बिलासपुर के तिफरा फ्लाईओवर पर अंडों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन में रखे अंडे सड़क पर गिर गए। अंडों के फूटने से सड़क पर गंदगी फैल गई, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। (Road Accident in Chhattisgarh)



