देश में तेजी से बढ़ रहा सड़क हादसों का ग्राफ, राजस्थान में 11, UP में 7 और हिमाचल में 2 लोगों की मौत

Road Accident in India: देश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजस्थान के दौसा का है, जहां पिकअप और कंटेनर की टक्कर में 7 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है। सभी उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक सभी लोग पिकअप में सवार होकर खाटूश्याम दर्शन कर एटा लौट रहे थे। हादसा सैंथल थाना क्षेत्र के बापी गांव में हुआ है। पुलिस का कहना है कि कंटेनर ने पिकअप को पीछे से टक्कर मारी है। पिकअप में 22 से ज्यादा श्रद्धालु थे, जिसमें से 10 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल ने जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। 8 गंभीर घायलों का इलाज जयपुर में जारी है। वहीं 2 घायलों को दौसा जिला हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:- स्वच्छता में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने में स्वच्छता दीदियों का अमूल्य योगदान: CM विष्णुदेव साय
वहीं UP के श्रावस्ती में ट्रैक्टर-मिक्सर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के रहमतु गांव मोड़ के पास हुआ। दरअसल, दिल्ली में मजदूरी करने वाले 30 साल के विजय अपनी बहन और दो भांजियों को उनके घर रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मध्य नगर छोड़ने जा रहे थे। उनके साथ पत्नी सुनीता और एक साल की बेटी भी थी। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। विजय की योजना थी कि थोड़ी दूर जाकर कुछ लोगों को दूसरे वाहन में बिठा देंगे। इसके बाद बाइक से पीछे-पीछे हम भी चले जाएंगे। सभी लोग सड़क किनारे वाहन आने का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-मिक्सर ने उन्हें टक्कर मार दी। (Road Accident in India)

हादसे में विजय समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विजय की पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें भिनगा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मासूम ने भी दम तोड़ दिया। विजय की 28 साल की पत्नी सुनीता देवी का इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर और मिक्सर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बहराइच के बनकटा गांव के पास एक बोलेरो ने दो बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें श्रावस्ती जिले के सोनवा क्षेत्र के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्रीकांत तिवारी (50) और धर्मेंद्र तिवारी (24) के रूप में हुई है। घायल अतहा मोहम्मद और आस मोहम्मद (62) को सीएचसी पयागपुर में भर्ती कराया गया है। इधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सेब से लदी पिकअप खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल है। (Road Accident in India)




