अमेरिका-भारत समझौते पर सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, राहुल गांधी ने कहा- घबराए हुए हैं प्रधानमंत्री मोदी

US India Agreement 2026: लोकसभा और राज्यसभा में अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर चर्चा की मांग की गई। साथ ही विपक्षी सांसदों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध किया और भारत में आयात होने वाले अमेरिकी कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क घटाकर शून्य करने पर आपत्ति जताई। इधर, अमेरिका से ट्रेड डील पर NDA की संसदीय दल की बैठक में PM नरेंद्र मोदी का स्वागत किया गया। साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए PM मोदी को बधाई दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह अद्भुत और ऐतिहासिक है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी घबराए हुए हैं, जो ट्रेड डील 4 महीने से रुकी हुई थी। किसी न किसी कारण से नरेंद्र मोदी ने कल शाम उस डील को साइन कर दिया।
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी पर दबाव है, भयंकर दबाव है। नरेंद्र मोदी की इमेज का गुब्बारा फूट सकता है। नरेंद्र मोदी जी की छवि खराब हो सकती है। मुख्य बात यह है कि हमारे प्रधानमंत्री की छवि खराब हो गई है। जनता को इस बारे में सोचना चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री को कॉम्प्रोमाइज कर दिया गया है। किसने किया है, कैसे किया है ये देश की जनता को सोचना है। नरेंद्र मोदी जी ने इस व्यापार समझौते में आपकी मेहनत बेच दी है, क्योंकि उनकी छवि खराब हो गई है। उन्होंने देश को बेच दिया है। नरेंद्र मोदी जी डरे हुए हैं, क्योंकि जिन्होंने उनकी छवि बनाई, वही अब उसे बिगाड़ रहे हैं। अमेरिका में अडानी जी पर एक मामला चल रहा है, असल में यह मामला मोदी जी पर ही है। एपस्टीन फाइल्स में और भी बहुत कुछ है, जो अमेरिका ने अभी तक जारी नहीं किया है। इसकी वजह से भी दबाव है। ये दो मुख्य कारण हैं। देश को यह समझना चाहिए। (US India Agreement 2026)
रूस से तेल न खरीदने का फैसला भी ट्रंप ने लिया: तिवारी
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि जिस तरह से ये घोषणा हुई है, भारत की सामरिक आजादी पर ये सीधा आघात है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा। भारत से अमेरिका निर्यात पर 18% टैक्स लगेगा और अमेरिका का भारत में जो निर्यात होगा उसमें जीरो टैरिफ रहेगा। ये सीधे सीधे भारत की सामरिक आजादी पर आघात है। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि इसे ट्रेड डील न कहकर ट्रंप के द्वारा घोषणा कहा जाए। ऑपरेशन सिंदूर के मामले में भी ट्रंप ने फैसला लिया। रूस से तेल न खरीदने का फैसला भी ट्रंप ने लिया। अब ट्रंप ने ये भी फैसला लिया है कि टैरिफ कम होगा लेकिन भारत को भी टैरिफ जीरो करना पड़ेगा। अमेरिका के तमाम उत्पाद भारत में आएंगे। अब स्पष्ट हो गया है कि भारत के घरेलू नीतियां भी ट्रंप के द्वारा प्रभावित की जा रही हैं।
अमेरिका के सामने पूरी तरह से सरेंडर कर दिया: माथेर
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि तो अब पैटर्न ऐसा लग रहा है कि हमारी सरकार या हमारे PM के ज़रिए भारत को पता नहीं चलता कि क्या हो रहा है या डील क्या है। चाहे वह सीज़फ़ायर की घोषणा हो या ट्रेड डील की घोषणा, ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप ही सारी घोषणाएं कर रहे हैं। तो, क्या हमने राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका के सामने पूरी तरह से सरेंडर कर दिया है? क्या हमारी अपनी कोई पहचान नहीं है?…हमें कई चीज़ों पर क्लैरिटी चाहिए क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप कहते हैं कि भारत रूस से नहीं बल्कि वेनेज़ुएला और अमेरिका से तेल खरीदने वाला है। एग्रीकल्चर सेक्टर को खोला जाएगा। तो, हमारे किसानों की सुरक्षा क्या है? वे यह भी कहते हैं कि भारतीय बाज़ार में अमेरिकी सामानों पर टैरिफ जीरो होगा। जब संसद का सत्र चल रहा हो, तो संसद और भारत के लोगों का विश्वास जरूर ज़रूरी है। इसलिए, वे EU डील और अमेरिका के साथ ट्रेड डील को संसद में पेश कर सकते हैं। हम संसद में इस पर चर्चा कर सकते हैं और सरकार को समझाने दें। हम सच में चाहते हैं कि हमें यह बात अमेरिकी राष्ट्रपति से सुनने के बजाय अपने लोगों से सुनने को मिले।
विपक्ष सिर्फ स्पष्टता मांग रहा: शशि थरूर
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति यह तय कर सकते हैं कि भारत किसके साथ ट्रेड करेगा, तो ऐसा लगता है कि हमारे इंटरनेशनल मामलों पर हमारी कोई आज़ाद पकड़ नहीं है। अमेरिका तय कर रहा है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। अभी कुछ समय पहले ही रूसी राष्ट्रपति हमारे यहां स्टेट डिनर के लिए आए थे। यह पहले कभी नहीं हुआ। हम एक संप्रभु देश हैं और हमें यह तय करना चाहिए कि हमारे हितों के लिए सबसे अच्छा क्या है। हमें अमेरिका की जरूरत है और अमेरिका को हमारी जरूरत है, लेकिन यह रिश्ता आपसी भरोसे और सम्मान पर आधारित होना चाहिए। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि इसमें क्या शामिल है। विपक्ष सिर्फ स्पष्टता मांग रहा है। हमें नहीं पता कि समझौते में क्या है। हमारे पास ट्रंप और मोदी के ट्वीट हैं। क्या संसदीय लोकतंत्र में इतना काफी है? (US India Agreement 2026)
अमेरिकी सामानों पर जीरो टैरिफ है: खरगे
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि क्या भारत सरकार को आकर देश की जनता को यह नहीं समझाना चाहिए कि समझौते में क्या है? ट्रंप कहते हैं कि यह कृषि के लिए है, तो भारतीय किसानों के लिए क्या सुरक्षा उपाय हैं? ट्रंप कहते हैं कि यह 500 अरब अमेरिकी डॉलर का समझौता है, जबकि हमारा कुल आयात बिल 700 अरब अमेरिकी डॉलर है, तो क्या हम दूसरे देशों से खरीदना बंद कर दें? अगर यह अच्छी खबर है तो हम जश्न मनाना चाहेंगे, लेकिन हमें स्पष्टता दीजिए। कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि भारत सरकार पागलखाना बन गई है। यह और कुछ नहीं बल्कि GST बचाओ उत्सव है, जिसे सरकार ने बहुत धूमधाम से मनाया। इसी तरह अमेरिकी टैरिफ 25% घटाकर 18% कर दिया गया। जबकि अमेरिकी सामानों पर जीरो टैरिफ है। मुझे नहीं पता कि भारत सरकार किस बात का जश्न मना रही है। मुझे इसमें कोई समझदारी नहीं दिखती। (US India Agreement 2026)
यह हमारी जीत नहीं…एक समझौता है: भगत
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि आज सुबह अखबार में इस समझौते के बारे में पढ़ रहा था। मुझे आश्चर्य हुआ और मैं सोचने लगा कि क्या ट्रंप ने खुद को भारत का कार्यवाहक प्रधानमंत्री घोषित किया है। ये घोषणाएं पहले प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि ट्रंप कर रहे हैं। खुश होने जैसी कोई बात नहीं है। इशारों-इशारों में टैरिफ बढ़ा दिया गया है। हमें भारत के बारे में सब कुछ ट्रंप के जरिए ही पता चला। अब हम किससे तेल खरीदेंगे? किसके साथ व्यापार समझौता करेंगे? क्या प्रधानमंत्री मोदी इतने कमजोर हो गए हैं? यह हमारी जीत नहीं है। यह एक समझौता है। भविष्य में हमें ऐसी कोई खबर नहीं देखनी चाहिए कि ट्रंप भारत के कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कल एक चौंकाने वाली घटना घटी। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति ने एकतरफा रूप से की। भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। (US India Agreement 2026)
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया पलटवार
विपक्ष के बयानों पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि क्या दो देशों के बीच का फैसला किसी एक देश से हो सकता है? किसी भी विषय को बिना किसी आधार के झूठ बोलकर खड़ा करने के प्रयास करते हैं। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कल देर रात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर ट्वीट किया और पीएम मोदी को सच्चा दोस्त बताया। इसके बाद PM मोदी ने ट्वीट करके अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और व्यापार के बारे में बात की। सरकार इस व्यापार समझौते पर खुद से एक बयान जारी करेगी और इस पर चर्चा भी करेगी। जब सरकार विस्तार से बयान देने के लिए तैयार है, तो कांग्रेस और INDI गठबंधन का यह रवैया गलत है। यह उनकी निराशा है, जो बोल रही है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि स्वागत योग्य कदम है। अमेरिका ने टैरिफ कम किया है। भारत-EU FTA हुआ। जीरो टैरिफ पर 27 देशों का बाजर भारत के लिए खुल गया। 39 देशों के साथ हमें मौका मिला। आज भारत का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है।



