Google Analytics —— Meta Pixel

शिक्षकों की कमी से प्रभावित हुआ परीक्षा परिणाम, शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत होगा युक्तियुक्तकरण

Sai Government on Rationalisation: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की कमी के कारण हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणाम का प्रभावित हुआ है, जिसमें दूरस्थ क्षेत्रों में कई शासकीय विद्यालय संचालित हैं, जहां विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता नहीं होने से एक ओर जहां विद्यार्थियों का अध्यापन सुचारू रूप से नहीं हो पाता, वहीं विद्यालय का परीक्षा परिणाम शिक्षकों के कमी के कारण प्रभावित होता है। सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित परीक्षा 2024-25 में शासकीय हाईस्कूल घूमाडांड विकासखंड प्रतापपुर में एकल शिक्षक होने के कारण परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ। 

यह भी पढ़ें:- Durg Online Trading Fraud : दुर्ग के व्यवसायी से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 41 लाख की ठगी, फर्जी साइट से हुआ बड़ा फ्रॉड

DEO ने बताया कि यहां के कक्षा दसवीं का परीक्षा परिणाम 39.47 प्रतिशत रहा। इस विद्यालय में कक्षा दसवीं में कुल 39 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या थी। इस परीक्षा में 38 विद्यार्थी में सम्मिलित हुए, जिसमें से 15 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासकीय हाईस्कूल घूमाडांड में शिक्षक के अभाव के कारण ही परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कराना है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण 2024-25 का हायर सेकेंडरी का परीक्षा परिणाम 40.68 प्रतिशत रहा, जो राज्य के औसत परीक्षा परिणाम से काफी कम है। (Sai Government on Rationalisation)

कुंवारपुर के लोगों ने CM साय से की थी शिकायत

DEO ने कहा कि यही कारण है कि मुख्यमंत्री साय के कुंवारपुर प्रवास के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षक उपलब्ध कराने के लिए निवेदन किया था, जिसकी वजह से सरकार ने युक्तियुक्तकरण का फैसला लिया। छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की यह प्रक्रिया पूरी तरह शिक्षा के अधिकार अधिनियम और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों की न्यायसंगत ढंग से उपलब्धता सुनिश्चित करना है। युक्तियुक्तकरण के तहत केवल उन्हीं स्कूलों की समीक्षा की जा रही है, जहां एक ही प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति के आधार पर अधिक शिक्षक होने पर अतिशेष शिक्षकों को दूसरे विद्यालय में पदस्थ किया जाएगा। सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार विकासखंड बतौली के शासकीय प्राथमिक शाला साजाभावना संचालित है, जिसकी दर्ज संख्या शून्य है, जहां एक सहायक शिक्षक कार्यरत हैं। (Sai Government on Rationalisation)

युक्तियुक्तकरण सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं: सरकार

इसी तरह बतौली विकासखंड में शा.प्रा.शाला हर्राटिकरा संचालित है, जिसकी दर्ज संख्या शून्य है, जहां एक प्रधान पाठक और दो सहायक शिक्षक कार्यरत हैं। इन विद्यालयों में दर्ज संख्या शून्य होने से इनकी प्रासंगिकता समाप्त होने से ऐसे विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अन्य आवश्यकता वाले विद्यालयों में पदस्थ करने हेतु युवित्तयुक्तकरण की कार्यवाही की जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि युक्तियुक्तकरण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कराना है और जरूरत वाली शालाओं में शिक्षक उपलब्ध कराना और शिक्षा प्रणाली को अधिक न्यायसंगत बनाना है। शिक्षा विभाग की यह पहल राज्य में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को समुचित शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी कदम है। (Sai Government on Rationalisation)

Back to top button
error: Content is protected !!