मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में पत्नी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को तय होगी सजा

Blue Drum Murder Case: बहुचर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले नीला ड्रम हत्याकांड में मेरठ जिला कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या करने के मामले में उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि यह एक बेहद जघन्य अपराध है, जो समाज में डर का माहौल पैदा करता है और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं है। अपराध समाज में भय पैदा करता है, ऐसे जघन्य अपराध और साक्ष्य मिटाने वाले कृत्यों के लिए कोई माफी नहीं हो सकती। अब सबकी निगाहें 14 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब कोर्ट दोनों दोषियों की सजा का ऐलान करेगा। मृतक सौरभ के परिवार ने कोर्ट से दोनों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:- स्टंटबाजी और सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से कहा- सिर्फ पुलिस के निर्देश काफी नहीं, गाइडलाइन जरूरी
मेरठ की अदालत में इस मामले की सुनवाई करीब 13 महीने तक चली। इस दौरान कोर्ट में कुल 126 पेशियां हुईं और 22 गवाह पेश किए गए। पुलिस की ओर से दाखिल 1000 पन्नों की चार्जशीट, फॉरेंसिक रिपोर्ट्स, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को मुख्य साजिशकर्ता और हत्यारा माना। 3-4 मार्च 2025 को मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर में सौरभ राजपूत की हत्या हुई थी। सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में सीमेंट और बालू के साथ छिपा दिया था। करीब 13 महीने चली सुनवाई के बाद 30 सितंबर 2026 को अदालत ने मुस्कान और साहिल को हत्या और साक्ष्य मिटाने के मामले में दोषी करार दिया। अब दोनों की सजा पर फैसला 14 अक्टूबर 2026 को होगा। (Blue Drum Murder Case)

क्या है पूरा मामला ?
मृतक सौरभ राजपूत मर्चेंट नेवी में अफसर था और लंदन में काम करता था। उसने 2016 में मुस्कान से लव मैरिज की थी। फरवरी 2025 में वह अपनी पत्नी और बेटी को सरप्राइज देने के लिए लंदन से मेरठ आया था। पुलिस के मुताबिक लंदन जाने के बाद सौरभ के पीछे से मुस्कान और उसके स्कूल के दोस्त साहिल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। मुस्कान सौरभ से तलाक लेना चाहती थी, लेकिन सौरभ इसके लिए तैयार नहीं था। इसके बाद दोनों ने मिलकर सौरभ को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया। 3 मार्च की रात मुस्कान ने खाने में नींद की गोलियां मिलाकर सौरभ को खिला दी। गहरी नींद में सोने के बाद साहिल को घर बुलाया गया। दोनों ने धारदार हथियार से सौरभ के शरीर के 15 टुकड़े कर दिए और सिर-हाथ धड़ से अलग कर दिए। इसके बाद शव को एक बड़े नीले ड्रम में भरकर उसमें सीमेंट और बालू डाल दिया, ताकि बदबू न आए और राज छिपा रहे।

जेल में कैसा रहा दोषियों का हाल ?
हत्या के ठीक बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश के मनाली, कसोल और शिमला घूमने चले गए थे और सौरभ के फोन से परिवार को मैसेज भेजकर गुमराह करते रहे। पैसे खत्म होने पर जब वे लौटे और परिवार का दबाव बढ़ा, तब यह राज खुला। फैसले से ठीक एक रात पहले जेल में बंद मुस्कान पूरी रात सो नहीं पाई और भगवान शिव की पूजा-अर्चना में लीन रही। वहीं दूसरी तरफ उसके प्रेमी साहिल ने पूरी तरह से मौन धारण कर लिया था और अन्य कैदियों से बातचीत बंद कर दी थी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोनों को जेल से ऑनलाइन पेश किया गया था। मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराए जाने के बाद अब सौरभ के परिवार ने एक नया मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। परिवार अब सौरभ की बड़ी बेटी की कस्टडी के लिए दावा ठोकने की तैयारी कर रहा है, ताकि सौरभ की आखिरी पहचान को अपनों के पास सुरक्षित रखा जा सके। (Blue Drum Murder Case)




