छत्तीसगढ़ में दोहरी हत्या से सनसनी: प्रेमिका और उसके बेटे की गला घोंटकर हत्या, शव कुओं में मिले

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव में दो कुओं से महिला और एक बच्चे के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव बोरियों में बंद थे और उन्हें पत्थर बांधकर कुएं में फेंका गया था। जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि महिला के प्रेमी और उसके चचेरे भाई ने मिलकर की।
रायपुर की महिला और उसका बेटा थे पीड़ित
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता चतुर्वेदी (32), निवासी रायपुर, और उसके 8 वर्षीय बेटे काव्यांश के रूप में हुई है। सुनीता एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी इंस्टाग्राम पर खम्हरिया निवासी शुभम सिंगौर से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
प्रेम में धोखा, फिर निर्मम हत्या
पति की मौत के बाद सुनीता शुभम से विवाह करना चाहती थी, लेकिन शुभम ने परिवार की मर्जी से किसी और से शादी कर ली। यह बात जानकर सुनीता 18 जून को अपने बेटे के साथ शुभम के गांव पहुंच गई और वहीं रुकने की जिद करने लगी।
रात में रची गई हत्या की साजिश
शुभम ने अपने चचेरे भाई छत्रपाल सिंगौर के साथ मिलकर पहले सुनीता और फिर उसके बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों के शवों को बोरियों में भरकर पत्थर से बांधा गया और अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया। (Chhattisgarh News)
पुलिस जांच जारी, आरोपी हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर लिया। पुलिस ने शुभम और छत्रपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। (Chhattisgarh News)



