सेक्सटॉर्शन कांड: महिला ने पुराने दोस्त को प्रेमजाल में फंसाकर बनाई अश्लील वीडियो, जीजा संग मिलकर वसूले 2 लाख, एक गिरफ्तार

Sextortion Scandal : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र में सेक्सटॉर्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने पुराने परिचित को सोशल मीडिया पर प्रेमजाल में फंसाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली और फिर अपने जीजा के साथ मिलकर युवक को ब्लैकमेल कर 2 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला फरार है।
पुरानी पहचान बनी ब्लैकमेलिंग की वजह
पीड़ित युवक जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी जान-पहचान दामिनी सोनी नाम की महिला से वर्ष 2008 से थी। 2013 में दामिनी की शादी हो गई, जिसके बाद संपर्क टूट गया। लेकिन 2021 में दामिनी ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोबारा बातचीत शुरू की।
इसके बाद दामिनी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप पर चैटिंग, कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से नजदीकियां बढ़ाईं। इस दौरान की गई बातचीत और वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग उसने अपने पास सुरक्षित रख ली।
ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग
कुछ समय बाद दामिनी ने इन निजी वीडियो और चैट को वायरल करने की धमकी दी। बदले में उसने एक अलग मकान और पीड़ित की सैलरी का आधा हिस्सा मांगना शुरू किया। जब युवक ने उससे बातचीत बंद कर दी, तो दामिनी ने अपने जीजा चिंटू उर्फ मोहम्मद असलम (25 वर्ष) के साथ मिलकर पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया।
2 लाख की वसूली, फिर जान से मारने की धमकी
ब्लैकमेलिंग के जरिए दोनों ने 2 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद 7 जून 2025 को आरोपी पीड़ित के गांव पथरिया पहुंचे और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। (Sextortion Scandal)
पुलिस की फुर्ती, एक गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चिंटू उर्फ मोहम्मद असलम को गिरफ्तार कर लिया। महिला आरोपी दामिनी सोनी की तलाश जारी है। (Sextortion Scandal)



