Google Analytics —— Meta Pixel

देश के लिए त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का नाम है नरेंद्र मोदी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Shah on Modi Birthday: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर एक के बाद एक कई ट्वीट कर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि त्याग और समर्पण के प्रतीक, करोड़ों देशवासियों की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। सामाजिक जीवन में पांच दशक से ज्यादा समय से देशवासियों के कल्याण के लिए बिना रुके, बिना थके अनवरत कार्य करने वाले मोदी जी हर एक देशवासी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की जीवंत प्रेरणा हैं।

यह भी पढ़ें:- अब कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता को चुनौती देने की हिम्मत नहीं कर सकती: रक्षा मंत्री

शाह ने कहा कि संघ से संगठन और सरकार तक, मोदी जी की जीवन यात्रा बताती है कि जब निश्चय हिमालय के समान अडिग और दृष्टि समुद्र के समान विशाल हो, तो कितने व्यापक परिवर्तन संभव हैं। व्यवस्था में शुचिता, निर्णयों में दृढ़ता और नीतियों में स्पष्टता लाने वाले मोदी जी ने शासन के केंद्र में वंचितों, पिछड़ों, गरीबों, महिलाओं और आदिवासियों को लाने का अविस्मरणीय कार्य किया है। करोड़ों देशवासियों के जीवन में अकल्पनीय परिवर्तन लाकर ‘विकसित’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की निर्माण यात्रा से उन्हें जोड़ने वाले मोदी जी पर पूरे देश को गर्व है। (Shah on Modi Birthday)

देश को सदैव आगे बढ़ाया: शाह

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बीते चार दशकों से मोदी जी को अलग–अलग दायित्वों में देख रहा हूं। चाहे संघ के प्रचारक हों, पार्टी के संगठन मंत्री, गुजरात के मुख्यमंत्री या बीते 11 सालों से देश के प्रधानमंत्री, मोदी जी ने हमेशा राष्ट्र प्रथम को आगे और स्वयं को पीछे रखा है। मेरे जैसे कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें उनके साथ उनकी हर भूमिका में कार्य करने का अवसर मिला। चाहे कोई भी दायित्व हो, मोदी जी ने हमेशा रचनात्मक कार्यों और निर्णयों को बढ़ावा दिया। यह हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए हर्ष का विषय है कि उनके हर निर्णय ने देश को सदैव आगे बढ़ाया है। (Shah on Modi Birthday)

रेहड़ी-पटरी पर सब्जी बेचने वाले भी गर्व से  UPI दिखाते हैं: शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में विकास पहुंचना तो दूर, जहां की लोग बात तक नहीं करते थे, मोदी जी ने उन क्षेत्रों में पिछले 11 सालों में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर पहुंचाने का कार्य किया है। असम में सबसे लंबा पुल, कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊँचा चिनाब रेलवे ब्रिज, सेमीकंडक्टर यूनिट, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, मोदी सरकार में हर क्षेत्र में नंबर 1 बन रहे भारत के ये प्रतीक हैं। आज जब रेहड़ी–पटरी पर सब्जी बेचने वाले भी गर्व से  UPI दिखाते हैं, तब नरेंद्र मोदी होने का अर्थ समझ आता है। एक समय यह कहा जाता था कि विकास और इकोनॉमी के कार्य एक साथ संभव नहीं हैं। मोदी जी ने यह दिखाया कि कैसे गरीबों का कल्याण और अर्थव्यवस्था का उत्थान समानांतर संभव है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

60 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ रहे: शाह

उन्होंने कहा कि IMF ने भारत को ग्लोबल इकोनॉमी में ब्राइट स्पॉट कहा है, और देश का ग्रोथ रेट दुनिया में सबसे अधिक रहा है। आज भारत में 60 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ रहे हैं और देश ग्लोबल इकोनॉमी का लीडर भी बन रहा है। यह मोदी युग में ही संभव था। समस्याओं को दूरदृष्टि से देखना और उनका पूरी निष्ठा से समाधान करना मोदी जी के व्यक्तित्व की खासियत है। पूरा विश्व उन्हें प्रॉब्लम–सॉल्विंग लीडर मानता है। युद्धों, तनावों और ग्लोबल लॉबी के दौर में मोदी जी पूरी दुनिया के सामने संवाद–सेतु बनकर उभरे हैं। इसी कारण दुनिया के  27 देशों ने विश्व–मित्र मोदी जी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। यह उनकी वैश्विक लीडरशिप का द्योतक है। (Shah on Modi Birthday)

त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का नाम है- नरेंद्र मोदी: शाह

गृहमंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र भी बना है। अंतरिक्ष में चांद के दक्षिणी ध्रुव से लेकर द्वारका में समुद्र की गहराई तक, उन्होंने विरासत और विज्ञान दोनों को गौरव दिलाया है। उनके नेतृत्व में आज भारत स्पेस सेक्टर में नए कीर्तिमान बना रहा है। स्वदेशी कोविड वैक्सीन, स्वदेशी रक्षा प्रणाली, स्टार्टअप्स, इनोवेशन, किसानों की फसलों को उचित दाम दिलाने से लेकर मैन्युफैक्चरिंग मिशन तक, मोदी जी एक ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं, जो हर क्षेत्र में स्वावलंबी हों। शाह ने कहा कि देश के लिए त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का नाम है- नरेंद्र मोदी। (Shah on Modi Birthday)

Back to top button
error: Content is protected !!