Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सल विरोधी अभियान के हर मोर्चे पर छत्तीसगढ़ सरकार को मिली अच्छी सफलता: केंद्रीय गृहमंत्री शाह

Shah on Sai Government: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की रायपुर में समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सली विरोधी अभियान में प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर बहुत अच्छी सफलता मिली है। पिछले आठ माह में नक्सलवाद को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में जितना कार्य हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तारीफ करते हुए कहा कि नक्सलियों का एरिया बहुत सीमित रह गया है। छत्तीसगढ़ सरकार नक्सल विरोधी अभियान में बहुत अच्छी कार्रवाई कर रही है। जितनी तेज और प्रभावी कार्यवाही साय सरकार ने 8 माह में की, जिसमें 150 नक्सली न्यूट्रेलाइज किए गए और इससे 4 गुना ज्यादा लोगों ने आत्मसमर्पण किया, वह पूरे भारत में आज तक कहीं नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें:- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कल, कन्हैया की पूजा के लिए मिलेगा बस इतना समय, नोट कर लें सही तिथि और शुभ मुहूर्त

इस कार्रवाई में उन्होंने और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री, डिप्टी CM से मैं लगातार बात करता हूं। छत्तीसगढ़ को नक्सलियों से लड़ाई में जिस मदद की आवश्यकता होगी उसे भारत सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की एजेंसियों को मिलकर नक्सलियों की वित्तीय कड़ी को तोड़ने का कार्य करना चाहिए। टैक्स एजेंसियों को भी संवेदनशील होकर नक्सलियों की वित्तीय कड़ियों को तोड़ने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को शासकीय योजनाओं, प्रक्रियाओं और इंटेंट के बारे में सही इन्फॉर्मेशन दी जाए। (Shah on Sai Government)

केंद्र सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाए। ये हमें सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र और राज्य की सभी 300 योजनाओं का शत प्रतिशत सैचुरेशन हो, उनका पूर्ण क्रियान्वयन हो। ऐसे क्षेत्र जहां नक्सलवाद खत्म हो गया है, वहां ये समस्या दोबारा पैदा ना हो, ये सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इन क्षेत्रों में लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी हथियार वाले आन्दोलन को लोगों में सरकार के प्रति विश्वास पैदा करके ही समाप्त किया जा सकता है। शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए 30 करोड़ देने की घोषणा की। (Shah on Sai Government)

बैठक में ये रहे शामिल

छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सलवाद विरोधी अभियान की प्रगति और भावी योजनाओं पर प्रस्तुतिकरण दिया। इस पर विचार-विमर्श के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र के लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ के नक्सलियों में से अधिकाधिक, आत्म समर्पण करना चाहते हैं, हमें समर्पण योजना की व्यापक जानकारी रखनी चाहिए। बैठक में CM विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, डिप्टी CM विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, DGP अशोक जुनेजा समेत झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के मुख्य सचिव, DGP, केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। (Shah on Sai Government)

Back to top button
error: Content is protected !!