Google Analytics —— Meta Pixel

कल छत्तीसगढ़ आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, प्रबोधन कार्यक्रम में होंगे शामिल

Shah Raipur Tour Program: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल (21 जनवरी) छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे, जो विधानसभा में आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान तकनीकी सत्रों में विधानसभा सदस्यों को संसदीय नियमों, परंपराओं और सदन के सत्र संचालन की गतिविधियों के बारे में बताया जाएगा। बता दें कि प्रबोधन कार्यक्रम की शुरुआत आज से हो रही है। कार्यक्रम के दूसरे दिन पहला सत्र सुबह 11 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगा। इसमें प्रश्न, प्रश्नकाल, प्रश्न से उठे विषय पर आधे घंटे की चर्चा पर व्याख्यान होगा। इसमें पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर भाग लेंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को हनुमान चालीसा का पाठ करेगी कांग्रेस, सभी जिला मुख्यालयों में होगा आयोजन

दोपहर 12:15 से 01:30 बजे तक दूसरा सत्र रहेगा, जिसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय भाग लेंगे। आय व्यय, अनुदान की मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्ताव, लेखानुदान, अनुपूरक अनुदान आय व्ययक का पारण जैसे टॉपिक पर व्याख्यान होगा। तीसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से 3:40 बजे तक चलेगा, जिसमें विधानसभा सदस्य धरमलाल कौशिक भाग लेंगे। विधानसभा की समितियां और अशासकीय कार्य पर बात होगी। शाम 4:15 से 5:30 बजे तक चौथा और समापन सत्र रहेगा, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। प्रभावी विधायक कैसे बने? इस टॉपिक पर अमित शाह टिप्स देंगे। (Shah Raipur Tour Program)

पहली बार चुनाव जीतकर 38 नेता बने विधायक

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में पहली बार 38 विधायकों ने सदन की दहलीज पर कदम रखा। इसमें से भाजपा के 28 और कांग्रेस के 10 नेता हैं। ये सभी पहली बार विधायक के रूप में जनता के द्वारा चुने गए हैं। दोनों दलों ने इस बार के विधानसभा चुनावों में कुल मिलाकर 78 नए चेहरों को मौका दिया था। इसमें से भाजपा ने 48 नए चेहरों और कांग्रेस ने 30 नए नेताओं को चुनाव लड़वाया था। इस बार के चुनाव में 47 सीटों पर पुराने चेहरों के सामने भाजपा और कांग्रेस ने नए चेहरों को चुनाव में उतारा था। इसमें 22 सीटों पर दोनों दलों से पहली बार विधायक का चुनाव लड़ने वालों ने पुराने और दिग्गज प्रत्याशियों को पटखनी दे दी। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में BJP ने 54 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को 35 सीट पर जीत मिली। वहीं एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हाथ लगी। (Shah Raipur Tour Program)

Back to top button
error: Content is protected !!