Google Analytics —— Meta Pixel

देशभर में जन्माष्टमी की धूम, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री साय तक ने दी शुभकामनाएं

Shri Krishna Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पूरा देश कृष्ण भक्ति में रंगा है। इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मैं देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भगवान श्रीकृष्ण की जीवनलीला और उनके संदेश भारतीय संस्कृति और दर्शन को संजीवनी प्रदान करते हैं। उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय, करुणा और निष्काम कर्म का मार्ग दिखाया। श्रीमद्भगवद्गीता में निहित उनके उपदेश मानवता को कठिन परिस्थितियों में विवेकपूर्ण निर्णय लेने तथा नैतिक मूल्यों पर दृढ़ रहने की प्रेरणा के अक्षय स्रोत हैं।

यह भी पढ़ें:- श्रीकृष्ण के 108 नाम, हर नाम में छिपा है कान्हा का अलग स्वरूप और एक गहरा अर्थ

राष्ट्रपति ने आगे कहा कि जन्माष्टमी का पावन पर्व हमें सद्भाव, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की भावना को अपनाने की प्रेरणा देता है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सभी भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने, एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लें। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और संदेश मानवता को सत्य, धर्म, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर आइए, भगवान श्रीकृष्ण की शाश्वत शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें और समाज में एकता, शांति-सद्भाव को सुदृढ़ करने में अपना योगदान दें। (Shri Krishna Janmashtami 2026)

PM मोदी ने भी दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। एक सुभाषित साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने भगवान के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। PM मोदी ने एक्स पर कई पोस्ट साझा करते हुए लिखा- आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण! वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥ मैं वसुदेव के पुत्र, कंस और चाणूर का संहार करने वाले, माता देवकी को परम आनंद देने वाले, दिव्यता के साक्षात स्वरूप और जगद्गुरु भगवान श्रीकृष्ण को प्रणाम करता हूं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी जन्माष्टमी पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नंद के घर आनंद भयो जय हो बृजपाल की, जय हो बृजपाल की, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की समस्त देशवासियों को मंगलकामनाएं। आराध्य श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा और प्रेम उनके देश और दुनियां के अनगिनत भक्तों में असीम है। बालरूप में कन्हैया की लीलाएं इतनी मनमोहक रही कि बच्चों को लाड, दुलार और भाव से कान्हा और कन्हैया पुकारते हुए मन प्रसन्नता से भर जाता है। प्रत्येक मां बच्चों पर माता यशोदा सा स्नेह न्योछावर करना चाहती है। श्रीकृष्ण ने जीवन के यथार्थ को दर्शाया। कर्तव्य, नीति, न्याय, विवेक, साहस और जीवन-संतुलन का महान दर्शन श्रीकृष्ण का महाभारत के रणक्षेत्र में अर्जुन को दिया गया गीता का ज्ञान है। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी शुभकामनाएं 

लोकसभा स्पीकर ने कहा कि यह संदेश मानव जीवन के लिए सदियों से मार्गदर्शक बना हुआ है। भारत के दर्शन की आत्मा गीता को मानते है। श्री कृष्ण हमें सिखाते हैं कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, जो व्यक्ति सत्य और धर्म के साथ खड़ा रहता है, अंततः विजय उसी की होती है। श्रीकृष्ण, गोविंद, हरे मुरारी, हे नाथ नारायण, वासुदेव के जन्मोत्सव पर मेरी प्रार्थना है कि हर घर में सुख-शांति, हर मन में विश्वास और हर जीवन में नई ऊर्जा-उमंग का संचार हो। जन्माष्टमी पर कामना करता हूं कि सभी श्रद्धालुओं पर प्रभु श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहे।हमारा राष्ट्र-समाज सत्य, न्याय और मानवता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। जय श्री कृष्ण। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि समस्त देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। (Shri Krishna Janmashtami 2026)

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि योगेश्वर भगवन श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव जन्माष्टमी की आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा आप सभी पर सदैव बनी रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- देवकीसुतं गोविन्दं वासुदेवं जगत्पते। देहि मे तनयं कृष्ण त्वामहं शरणं गतः॥ भगवान श्रीकृष्ण के पावन जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान वासुदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद का संचार हो। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए हमारा समाज सदैव प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप से जुड़ी सनातन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सुशासन सरकार छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना संचालित कर रही है। इस योजना के माध्यम से गौवंश के संरक्षण के साथ गौ आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन देकर गांवों में रोजगार, स्वावलंबन और समृद्धि की राह मजबूत की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!