Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा में 2 करोड़ के चांदी के आभूषण जब्त, अवैध कारोबार की आशंका

Silver Seized in Kawardha: कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लगभग 1 क्विंटल 90 किलो चांदी के आभूषण एक वाहन से बरामद किए हैं। इस मामले में वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जब्त चांदी की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक लोहारा पुलिस क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। संदेह के आधार पर जब तलाशी ली गई, तो वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण पाए गए।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान बदमाशों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 से ज्यादा गिरफ्तार 

जब पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों से आभूषणों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वे कोई भी संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर वाहन समेत माल जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी की बरामदगी सामान्य मामला नहीं है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मामला कालेधन या अवैध आभूषण व्यापार से जुड़ा हो सकता है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह चांदी कहां से लाई गई थी? इसे किसके निर्देश पर और कहां ले जाया जा रहा था? क्या इसके पीछे कोई व्यापक नेटवर्क काम कर रहा है?

जांच एजेंसियों को दी जा सकती है जानकारी

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अगर पूछताछ के दौरान कोई आर्थिक अनियमितता या टैक्स चोरी की बात सामने आती है, तो इस संबंध में आयकर विभाग और अन्य संबंधित जांच एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी। पुलिस ने फिलहाल वाहन, चांदी और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद माल का पूरा विवरण तैयार किया जा रहा है और इस पूरे मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी गई है। लोहारा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!