Google Analytics —— Meta Pixel

न्यायधानी में एक साथ छापेमारी, ई-कॉमर्स वेयरहाउसों से चाकुओं का जखीरा बरामद

ऑनलाइन हथियार बिक्री पर पुलिस की सख्ती, मैनेजरों को दी कड़ी चेतावनी

बिलासपुर। न्यायधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों के कई वेयरहाउसों पर छापेमारी की है। तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा थाना क्षेत्रों में स्थित विभिन्न गोदामों में एक साथ दबिश देकर जांच की गई।

यह भी पढ़े :- धान खरीदी में अव्यवस्था पर कांग्रेस का हल्लाबोल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कई नामी कंपनियों के गोदामों से चाकू बरामद

छापेमारी के दौरान अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, ब्लिंकिट, ई-कार्ट, ब्लू डार्ट समेत अन्य रिटेल वेयरहाउसों से बड़ी संख्या में धारदार और बटनदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने सभी चाकुओं को मौके पर ही जब्त कर लिया।

आपराधिक इस्तेमाल की आशंका, ग्राहक सूची खंगाल रही पुलिस

भारी मात्रा में चाकू मिलने के बाद पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि कहीं इन हथियारों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त किसी आपराधिक उद्देश्य से तो नहीं की जा रही थी। इसके साथ ही पुलिस ऑनलाइन माध्यम से चाकू ऑर्डर करने वाले ग्राहकों की सूची भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनकी डिलीवरी किन लोगों को होनी थी।

वेयरहाउस प्रबंधकों को एसपी कार्यालय तलब

कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वेयरहाउस प्रबंधकों को एसपी कार्यालय तलब किया गया। यहां उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि जिले में ऑनलाइन माध्यम से चाकू और अन्य प्रतिबंधित धारदार हथियारों की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।

चेतावनी: दोबारा मिले हथियार तो होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी वेयरहाउस में इस तरह के हथियार पाए गए, तो संबंधित मैनेजर और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी निगरानी

बिलासपुर पुलिस ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह की जांच और निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!